काशीपुर में पराई महिला के घर में घुसे एक शादीशुदा युवक को ग्रामीणों ने पकड़ लिया और पिटाई करने के बाद उसे पुलिस को सौंप दिया। सूचना पर आरोपी की पत्नी भी चौकी पहुंच गई। जहां पुलिस की मौजूदगी में ही उनके बीच हाथापाई की नौबत आ गई।
कुंडा थाना क्षेत्र के एक गांव में बाहर से आकर एक महिला रह रही है। उसकी पड़ोसी गांव के एक शादीशुदा युवक से नजदीकी बढ़ गई। वह देर-सवेर महिला से मिलने उसके घर में आने लगा। दो दिन पहले भी उसे महिला के घर में घुसते देखा गया था। गांव के लोग उसकी टोह में लगे थे। रविवार की मध्यरात्रि वह युवक महिला के घर में घुस गया। पहरेदारी कर रहे लोगों ने ग्रामीणों को जगाकर इस बारे में जानकारी दी। ग्रामीणों ने युवक को जमकर पीटा और चौकी ले जाकर पुलिस को सौंप दिया। इस बीच युवक की पत्नी भी चौकी पहुंच गई। वहां पति-पत्नी के बीच हाथापाई तक हो गई। पुलिस की मौजूदगी में युवक अपनी पत्नी को तलाक देकर महिला मित्र के साथ रहने की बात पर अड़ गया। खबर लिखे जाने तक पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है। पुलिस ने बताया कि दोनों पक्ष के बीच काउंसलिंग कराई जा रही है।