काशीपुर हाइवे स्थित एक सरिया फैक्टरी में बुधवार को हादसा हो गया। यहां भट्टी में लोहे को पिघलाया जा रहा था, जिसमें विस्फोट हुआ। विस्फोट से पांच श्रमिक बुरी तरह झुलस गए। बताया जा रहा है कि विस्फोट धमाके के साथ हुआ था। काशीपुर हाइवे स्थित उत्तरांचल इस्पात प्राइवेट लिमिटेड फैक्टरी की भट्टी में अचानक तरल पदार्थ गिर गई थी, जिससे विस्फोट हुआ। भट्टी के पास काम कर रहे मजदूरों के ऊपर तरल पदार्थ गिर गया। इसकी चपेट में आए श्रमिक किशोरी (35) निवासी अंसारी सीतामनी, शिव चंद्र(40) निवासी अंसारी, सीतामनी प्रमोद (26) निवासी मुजफ्फरपुर, रविंद्र (32) निवासी बरबाला और सोनू सेन (40) निवासी अंसारी सीतामनी बुरी तरह झूलस गए। भट्टी के पास काम कर रहे अन्य मजदूरों ने फौरन भागकर जान बचाई। इस घटना से फैक्टरी में अफरा तफरी मच गई। गंभीर रूप से झुलसे पांचों मजदूरों को एंबुलेंस से काशीपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां मजदूरों का इलाज चल रहा है। खबर मिलते ही एसएसआई विनोद फर्त्याल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने जांच पड़ताल की। फैक्टरी के उप प्रबंधक विनय चौधरी ने बताया कि भट्टी में लोहा पिघलाने वाली भट्टी में तरल पदार्थ गिरने से पांच मजदूर झुलसे हैं। झुलसे मजदूरों का काशीपुर के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है।