हल्द्वानी रोड पर हुआ हादसा, टाटा कंपनी में कार्यरत था युवक
संवाद न्यूज एजेंसी
किच्छा। एक बाइक सवार की गाय से टकराकर मौत हो गई। युवक टाटा कंपनी का कर्मचारी था। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।
नानकनगर निवासी जसविंदर सिंह (45) पुत्र बलकार सिंह सिडकुल की टाटा कंपनी में नौकरी करते थे। बताया जा रहा है कि बुधवार रात वह कंपनी से डयूटी कर लौट रहे थे। रात एक बजे उनकी बाइक प्राग फार्म के निकट सड़क पर घूम रही एक गाय से टकरा गई। हादसे में जसविंदर सिंह घायल हो गए। उन्होंने अपने मोबाइल से परिजनों को दुर्घटना की सूचना दी। परिजन मौके पर पहुंचे और जसविंदर सिंह को सीएचसी लेकर आए जहां डाॅक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बताया कि वह मूल रूप से बिलासपुर जिला रामपुर के रहने वाले थे। उनका आठ साल पहले किच्छा में विवाह हुआ तो वे ससुराल में रहकर टाटा कंपनी में नौकरी करने लगे। मृतक अपने पीछे पत्नी दलजीत कौर को छोड़कर गए हैं।
कैंटर चालक पर केस दर्ज
खटीमा। सड़क हादसे में पिता-बेटी की मौत के मामले में पुलिस ने कैंटर चालक पर केस दर्ज कर लिया है। ग्राम सरपुड़ा निवासी गुरविंदर सिंह ने तहरीर में कहा है कि 29 अप्रैल को उसके मामा फागपुर बनबसा (चंपावत) निवासी हरदेव सिंह अपनी पत्नी सिमरनप्रीत कौर और बेटी अर्शदीप के साथ स्कूटी से गांव टांडाविजैसी से लौट रहे थे। पोलीगंज अस्पताल के पास कैंटर ने स्कूटी में टक्कर मार दी। हादसे में हरदेव सिंह और अर्शदीप की मौत हो गई थी। संवाद