पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया
संवाद न्यूज एजेंसी
शक्तिफार्म। किशनपुर रेंज के जंगल में एक युवक का शव पेड़ पर फंदे से लटका मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
रविवार को बैकुंठपुर निवासी श्याम सुंदर वैद्य (20) पुत्र स्वर्गीय गोविंद वैद्य का शव गांव से सटे किशनपुर रेंज के जंगल में एक पेड़ से लटका मिला। ग्रामीणों के अनुसार श्याम सुंदर के बचपन में ही माता-पिता की मृत्यु हो गई थी। वह अपनी दादी और चाचा के साथ रहता था। तीन भाई-बहनों में सबसे छोटा श्याम सुंदर सिडकुल स्थित निजी कंपनी में काम करता था।
श्याम सुंदर के चाचा अमल वैद्य ने बताया कि वह कल रात से घर नहीं लौटा था। कई बार फोन करने पर भी उसने फोन नहीं उठाया। इस पर उन्हें लगा कि वह अपने किसी दोस्त के यहां रुक गया है। उन्होंने बताया कि रविवार सुबह ग्रामीणों ने उन्हें श्याम सुंदर की मौत की खबर दी। वहीं सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को ग्रामीणों की मदद से नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है।