- सुबह नौ बजे से सर्च अभियान में जुटी हैं एसडीआरएफ और गोताखोरों की टीम, रंपुरा क्षेत्र में बिक रही अवैध शराब के खिलाफ महिलाओं ने घेरी कोतवाली
रुद्रपुर। रंपुरा क्षेत्र में कच्ची शराब पीने की लत के चक्कर में उफनाई कल्याणी नदी को पार करने की कोशिश कर रहा राजमिस्त्री बह गया। सूचना पर रंपुरा पुलिस, एसडीआरएफ और गोताखोरों की टीम ने सुबह करीब नौ बजे से राजमिस्त्री को तलाशने के लिए सर्च अभियान चलाया लेकिन उसका पता नहीं चल सका। उधर नदी के किनारे खुलेआम बिक रही अवैध शराब को बंद करने की मांग को लेकर राजमिस्त्री के परिजन और पड़ोसियों ने कोतवाली का घेराव कर आक्रोश जताया।
मंगलवार को शहर में भारी बारिश होने से कल्याणी नदी का जलस्तर बढ़ गया था। बुधवार सुबह रंपुरा क्षेत्र के इमली मोहल्ला निवासी राजेंद्र कोली (35) कल्याणी नदी पार कर कच्ची शराब लेने गया और वहां से वापस नहीं लौटा। नदी के किनारे मौजूद खेमकरण सहित कई लोगों ने बताया कि राजेंद्र नदी पार करते समय उसमें डूब गया। उसे बचाने के लिए कई लोगों ने नदी में छलांग भी लगाई लेकिन उनका पता नहीं चला। पत्नी नीरज ने बताया कि राजेंद्र राजमिस्त्री हैं और बुधवार सुबह करीब आठ बजे काम पर जाने के लिए वह घर से खाना ले कर निकले थे। उनका कहना है कि वह लगभग रोज काम पर जाने से पहले शराब पीने के लिए नदी पार कर भदईपुरा क्षेत्र में जाते थे।
सूचना पर रंपुरा पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और राजमिस्त्री को खोजना शुरू किया। टीम ने नदी में रस्सी और जाल डाल कर करीब 10 घंटे तक उनकी तलाश की लेकिन कुछ पता नहीं चला। इस दौरान आसपास के लोगों ने भी पानी में उतर कर करीब तीन किलोमीटर तक उनकी तलाश की। इस दौरान एसपी सिटी मनोज कत्याल और पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल भी पहुंचे। रंपुरा क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री होने से राजमिस्त्री के परिजन और पड़ोसी आक्रोशित हो गए। उन्हाेंने शराब की रोकथाम के लिए कोतवाली पहुंच कर घेराव किया। पुलिस के आश्वासन के बाद परिजन माने और वापस गए। सूचना पर विधायक शिव अरोरा ने भी मौके पर पहुंचकर सर्च अभियान में जुटी टीम से वार्ता की। एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि राजमिस्त्री की तलाश की जा रही है। कच्ची शराब की बिक्री के मामले को संज्ञान में ले कर उसकी भी जांच कराई जाएगी।
पानी गंदा होने से नहीं राजमिस्त्री का नहीं पता चला
रुद्रपुर। शहर के अंदर से निकली कल्याणी नदी में लगभग पूरे शहर भर का कूड़ा जाता है और पानी में कूड़-कचड़ा होने के साथ वह दूषित भी है। शाम छह बजे तक एसडीआरएफ की टीम ने सर्च अभियान चलाया लेकिन राजमिस्त्री का पता नहीं चला। संकरी नदी होने से टीम की नाव भी वहां नहीं उतर सकी। शाम छह बजे के बाद टीम ने सर्च अभियान बंद कर दिया। रंपुरा पुलिस ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह से फिर सर्च अभियान चलाया जाएगा। संवाद
पत्नी और बेटी की आंख हैं खराब
रुद्रपुर। राजमिस्त्री के परिवार में दो बेटियां, एक बेटा और पत्नी नीरज है। पत्नी की एक आंख, जबकि एक बेटी की दोनों आंखें खराब हैं। आसपास के लोगों ने बताया कि उनका रोज का खाना कमाना है। घर में राजेंद्र ही कमाने वाला था। संवाद
सुबह से ही नदी के किनारे पहुंचने लगते हैं नशेड़ी
रुद्रपुर। कोतवाली पहुंचे इमली मोहल्ला के लोगों ने बताया कि कल्याणी नदी के पार भदईपुरा क्षेत्र में खुलेआम शराब बिकनी लगती है। सुबह से ही शराब पीने वालों का वहां जमावड़ा लगने लगता है। वहां रहने वाले लोग नदी के बीच में लकड़ी का पटरा डाल कर उसे पार करते हैं। संवाद