पत्नी के साथ राज बहादुर। - फाइल फोटो
खटीमा। चकरपुर में एक व्यक्ति की संदिग्ध हालात में जहर खाने से मौत हो गई जबकि पत्नी गंभीर रूप से कमरे में घायल अवस्था में मिली। सूचना पर पुलिस ने महिला को खटीमा उप जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां से उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। चर्चा है कि मृतक ने पहले पत्नी पर फंटी से जानलेवा हमला किया और बाद में खुद जहर खाकर जान दे दी।
जानकारी के मुताबिक, चकरपुर, महतगांव निवासी राज बहादुर (45) और उसकी पत्नी आशा (40) रविवार रात घर पर अकेले थे। राज बहादुर के पिता रिटायर पुलिस कर्मी नर बहादुर की तबीयत खराब होने पर मां और छोटा भाई उन्हें हल्द्वानी अस्पताल लेकर गए थे।
दोनों पति पत्नी दोमंजिला मकान में अकेले थे। सुबह काफी देर तक घर का दरवाजा न खुलने पर लोगों को संदेह हुआ तो उन्होंने इसकी पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घर का दरवाजा तोड़ा तो वहां राज का शव पड़ा था और पत्नी लहूलुहान हालत में मिली।
घटनास्थल पर जहर की शीशी और एक फंटी भी बरामद हुई। घर पर कोई दूसरा परिजन न होने के चलते पुलिस को भी घटना के बारे अधिक जानकारी नहीं मिल सकी।
हल्द्वानी गए परिजनों को घटना की सूचना देने के बाद घायल महिला को 108 एंबुलेंस से खटीमा उप जिला अस्पताल भिजवाया गया। हालत गंभीर होने से डॉक्टर ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, राज बहादुर की मौत जहर खाने से हुई जबकि महिला फंटी के वार से घायल हुई है। पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है। मृतक फाइनेंस कंपनी में नौकरी करता था। बताया जा रहा है कि दंपती की कोई संतान नहीं है। प्रभारी सीओ ओमप्रकाश शर्मा ने बताया कि घटना की वजह का पता नहीं चल पा रहा है। मामले की जांच की जा रही है।