जसपुर में सड़क किनारे एक व्यक्ति का शव पड़ा मिला। मृतक की शिनाख्त बुलंदशहर निवासी के रूप में हुई है। आशंका जताई जा रही है कि किसी वाहन की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने मृतक का शव उसकी बहन के सुपुर्द कर दिया है।
रविवार को तड़के पुलिस को सूचना मिली कि अफजलगढ़ रोड पर एक निजी अस्पताल के पास एक व्यक्ति का शव पड़ा है। सूचना पर पहुंची पुलिस को मृतक के कपड़ों की तलाशी में एक मोबाइल नंबर मिला। इस नंबर पर जानकारी करने पर मृतक की शिनाख्त बुलंदशहर की छोटी केसर निवासी मानक चंद्र (44) पुत्र चुन्नी लाल के रूप में हुई।
सूचना पर दिल्ली से मृतक की बहन जलधारा अपनी ननद को लेकर काशीपुर पहुंच गई। जलधारा ने बताया कि उसका भाई घुमक्कड़ प्रवृत्ति का था। उसने अपनी पत्नी को छोड़ दिया था। वह अपने हिस्से की तीन बीघा भूमि भी बेच चुका है। उसका भाई जसपुर कैसे पहुंचा, इस बात की उसे कोई जानकारी नहीं है। उसके दोनों भाइयों की मौत हो चुकी है। परिवार में एक विधवा भाभी और उसके बच्चे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।