तलाकशुदा पत्नी की तहरीर पर केस दर्ज, पहले भी विवादों में रह चुका आरोपी, दर्ज हैं चार केस
रुद्रपुर। प्रीत विहार में पेट्रोल छिड़क कर साली को जलाने के प्रयास के आरोपी निलंबित सिपाही को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
गली नंबर पांच प्रीतविहार निवासी शबाना खान ने पुलिस को तहरीर सौंपी। इसमें बताया कि कुछ समय पहले पति अजीम खान ने उन्हें तलाक दे दिया। तब से वह अपनी बहन के घर में रह रहीं हैं। अजीम बागेश्वर में सिपाही था लेकिन पिछले दिनों कोतवाली में उस पर करीब चार केस दर्ज हुए। तभी उसे निलंबित कर दिया गया।
आरोप है कि मंगलवार को अजीम गाली-गलौज कर उनकी बहन के घर पहुंच गया। वहां जान से मारने की नीयत से उसने उनकी बहन पर पेट्रोल छिड़क कर आग लगाने की कोशिश की लेकिन बहन ने पड़ोसी के घर में छिपकर जान बचाई। इसके बाद अभद्रता कर बहन के लड़के को भी आरोपी जान से मारने की धमकी देने लगा। कोतवाल विक्रम राठौर ने बताया कि आरोपी अजीम को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।