मध्य प्रदेश पुलिस ने यहां एक घर में छापा मारा और वहां से भगा कर लाई गई नाबालिग लड़की को बरामद किया। इस दौरान आरोपी फरार हो गया। जबकि लड़की को मध्य प्रदेश की पुलिस अपने साथ ले गई। कटोराताल निवासी एक युवक बीते दिनों एक लड़की को लेकर घर आया। इस दौरान बातचीत और पहनावे को लेकर हिंदूवादी संगठनों को लड़की पर शक हुआ। इस पर संगठन के लोग लड़की और आरोपी युवक के परिवार पर नजर रखने लगे। शुक्रवार को लोकेशन के आधार पर थाना डोले का मंदिर जिला ग्वालियर (मध्य प्रदेश) के उप निरीक्षक केएस पवैल के नेतृत्व में पुलिस टीम यहां पहुंच गई। टीम ने स्थानीय पुलिस की सहायता से युवक के घर छापा मारा तो वह फरार हो गया। पुलिस ने लड़की बरामद कर ली। इसी दौरान बड़ी संख्या में हिन्दूवादी संगठनों के सदस्य जमा हो गए और मध्य प्रदेश पुलिस को लड़की साथ ही ले जाने के लिए दवाब डालने लगे। हिन्दूवादी संगठन के एक नेता ने बताया अल्पसंख्यक समाज का एक युवक नाबालिग लड़की को बहला फुसला कर यहां लाया था। लड़की की उम्र मात्र 14 साल है लेकिन कोर्ट में विवाह करने के लिए युवक ने लड़की की आयु का फर्जी प्रमाण पत्र बनाया था। कार्यकर्ताओं के विरोध से कोर्ट मैरिज करने में विफल रहने पर वह लड़की को बरेली में ले जाकर उसका धर्म परिवर्तन कर निकाह करने के प्रयास में था।