काशीपुर। कारगिल शहीद पार्क में शुक्रवार को नगर आयुक्त विवेक राय के निर्देशन में पौधरोपण और तीर्थ द्रोणसागर में सफाई अभियान चलाया गया। नगर आयुक्त ने बताया केंद्रीय आवास और शहरी कार्य मंत्रालय की ओर से संचालित स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत विशेष अभियान स्वच्छता को एक जन आंदोलन के रूप में चलाया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए मानव शृंखला बनाई गई। वहां उप नगर आयुक्त रोहिताश शर्मा, एसएनए विनोद कुमार, डॉ.अमरजीत साहनी आदि थे।