n रुद्रपुर में शराब की दुकान के बाहर लगा अनिश्चितकालिन दुकान बंद का पोस्टर
- फोटो : AMAR UJALA
रुद्रपुर। शराब का अभिभार शुल्क कम करने और पंजाब व उत्तर प्रदेश सरकार की तरह कोटा प्रणाली समाप्त करने करने की मांग पर अड़े शराब कारोबारी आज सांकेतिक दुकान बंद करेंगे। मांग पूरी नहीं होने पर कारोबारी अनिश्चितकालीन दुकान बंद करने का निर्णय ले सकते हैं। बृहस्पतिवार को शहर की सभी देशी और अंग्रेजी शराब की दुकानों के बाहर अनिश्चितकालिन दुकान बंद के पोस्टर लगाए गए थे।
बीते दिनों शराब कारोबारियों ने सीएम त्रिवेंद्र रावत व डीएम डॉ. नीरज खैरवाल को ज्ञापन भेजकर बताया था कि 19 मार्च को देशी और अंग्रेजी शराब की दुकानें लॉटरी सिस्टम के माध्यम से आवंटित की गई थी, जिसकी लाइसेंस व रिन्यूवल फीस भी जमा कर दी गई है। उनका कहना था कि जो दुकानें अप्रैल माह में खुलनी थी वह लॉकडाउन के चलते चार मई को खुली हैं। जिले की सीमाएं सील होने व सभी कारोबार बंद होने से शराब की बिक्री नहीं हो पा रही है। सुबह सात बजे से शाम चार बजे तक दुकानों के खुलने से शराब बिक्री पर भी विपरीत प्रभाव पड़ रहा है। लॉकडाउन के दौरान उन्हें कोई टैक्स जमा करने के बारे में नहीं बताया गया लेकिन अचानक से कोविड टैक्स लगाने का आदेश जारी कर दिए है जिसे दे पाने में वे असमर्थ हैं। उन्होंने पंजाब व उत्तर प्रदेश सरकार की तरह कोटा प्रणाली समाप्त करने व अभिभार कम करने की मांग की थी। शराब कारोबारी सुशील छाबड़ा ने बताया कि शुक्रवार को सांकेतिक सभी शराब की दुकानें बंद रहेंगी। अगर सरकार ने उनकी मांग नहीं मानी तो अनिश्चितकालिन दुकान बंद कर दी जाएंगी।