काशीपुर द्रोणसागर के पास मृत मिला तेंदुआ। संवाद
तीर्थ द्रोणसागर के पास लगे ट्रांसफार्मर के नजदीक पड़ा मिला शव
काशीपुर। क्षेत्र में तेंदुए के एक बच्चे का शव ट्रांसफार्मर के पास मिला है। सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव पोस्टमार्टम के लिए रामनगर ले गई।
आईटीआई थाना क्षेत्र में तीर्थ द्रोणसागर के पास गोविषाण टीले के आसपास के क्षेत्र में तेंदुआ का बच्चा घूमता हुआ नजर आ रहा था। वन विभाग और स्थानीय प्रशासन की टीम ने आसपास रहने वाले लोगों को इसके लिए सचेत किया था। तेंदुए के बच्चे को पकड़ने के लिए पिंजरा भी लगाया है। शनिवार की सुबह जसपुर खुर्द क्षेत्र में एक रिजॉर्ट के ठीक पीछे लगे ट्रांसफार्मर के नीचे तेंदुए के बच्चे का शव पड़ा देखा गया। बच्चे की खाल के बाल ट्रांसफार्मर के ऊपर चिपके देखे। आशंका जताई जा रही है कि ट्रांसफार्मर में चढ़ने के दौरान उसे करंट लगा होगा, जिससे उसकी मौत हो गई। स्थानीय पार्षद अनिल कुमार की सूचना पर उप वन क्षेत्र अधिकारी रमेश चंद्र टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इधर, रेंजर देवेंद्र सिंह रजवार ने बताया तेंदुए के लगभग डेढ़ वर्षीय बच्चे का शव जहां पड़ा था। वहां पर हाईटेंशन लाइन जा रही है। प्रथम दृष्टया प्रतीत हो रहा है कि बच्चा ट्रांसफार्मर के पोल पर चढ़ रहा होगा। इसी दौरान करंट की चपेट में आकर उसकी मौत हो गई।
टीला क्षेत्र में इससे पहले भी मर चुका है एक बच्चा
काशीपुर। गोविषाण टीले क्षेत्र में इससे पहले 16 मई की रात एक ग्रिल में तेंदुए के बच्चे की मौत हो चुकी है। 17 मई की सुबह कुछ लोगों ने उसके शव को जाल व दीवार के बीच फंसा देखा था। वन क्षेत्राधिकारी ने आशंका जताई कि टीला क्षेत्र में दो-तीन और तेंदुए हो सकते हैं। संवाद