चोरी की घटना की जानकारी देता दुकान स्वामी। संवाद
- फोटो : KASHIPUR
काशीपुर। चोरों ने शनिवार रात दो ज्वैलर्स की दुकानों को निशाना बनाने का प्रयास किया। एक दुकान से चोर लाखों के जेवर व नकदी चुराकर ले गए जबकि दूसरी दुकान का ताला तोड़ने में विफल रहे। चोर एक दुकान की डीबीआर भी अपने साथ ले गए।
कु़ंडा थाना क्षेत्र के ग्राम गढ़ीनेगी निवासी नवीन वर्मा की ज्वैलर्स की दुकान है। शनिवार की देर शाम नवीन वर्मा दुकान बंद कर घर चले गए। रविवार की सुबह गांव के किसी व्यक्ति ने उन्हें सूचना दी कि दुकान खुली पड़ी है। इसकी जानकारी मिलते ही दुकान स्वामी ने परिजनों के साथ दुकान पर जाकर देखा तो दुकान के ताले टूटे थे और शटर आधा खुला था।
उन्होंने दुकान के अंदर जाकर देखा तो अलमारी खुली थी। दुकान स्वामी नवीन ने बताया कि साढ़े तीन किलो नई पुरानी चांदी, 20 ग्राम नाक के फूल, आर्टिफिशियल मालाएं, तांबे के सिक्के, छल्ले, अष्टधातु की मूर्तियां व ताबीज समेत 1500 रुपये चोरी हो गए। बताया कि चोर दुकान में लगे सीसीटीवी की डीबीआर भी ले गए और कैमरों के तार भी काट गए। बताया कि गांव में ही प्रमोद कुमार की हरिकृपा ज्वैलर्स की दुकान का ताला तोड़ा, दूसरा ताला टूटने में असफल होने पर चोर फरार हो गए लेकिन तीन अज्ञात चोर सीसीटीवी फुटेज में कैद हुए हैं। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी है।