स्पेशल टीम होगी गठित, भाई और माता-पिता के खाते खंगाल रही पुलिस
रुद्रपुर। किच्छा के सिरौलीकला में दो आंतकियों को किराये पर कमरा देने वाले मकान मालिक से हुई पूछताछ में पुलिस को कोई जानकारी नहीं मिल सकी है। पुलिस ने मकान मालिक के दो बैंक खातों की डिटेल भी खंगाली लेकिन कोई संदिग्ध लेनदेन नहीं पाया गया। पुलिस उसके भाई और माता-पिता के खाते खंगाल रही है। इधर, एसएसपी ने मामले की जांच के लिए स्पेशल टीम गठित करने की बात कही है।
दो अक्तूबर को दिल्ली की स्पेशल सेल ने अलग-अलग जगहों से आतंकी मो. शाहनवाज आलम, मोहम्मद रिजवान अशरफ और मो. अरशद वारसी को गिरफ्तार किया था। पुलिस रिमांड में स्पेशल सेल की पूछताछ में शाहनवाज ने किच्छा के सिरौलीकला में कुछ दिन रुकने की बात स्वीकारी थी। एसटीएफ, नैनीताल पुलिस और खुफिया एजेंसी ने भी दिल्ली जाकर आतंकियों से पूछताछ की थी।
किच्छा के सिरौलीकला में आतंकियों के रुकने की जानकारी के बाद जिला पुलिस हरकत में आ गई थी। जब पुलिस ने छानबीन की तो आतंकियों को किराये पर कमरा देने वाले को चिह्नित कर पूछताछ की गई। पूछताछ में पता चला कि दो आतंकी शाहनवाज और रिजवान नवंबर 2021 में सिरौलीकला आए थे। उन्होंने एक काॅलोनी में दोमंजिले में कमरा किराये पर लिया था और 1100 रुपये एडवांस में दिए थे। वे तीन दिनों तक यहां रुके थे और लगातार आईडी मांगने के दबाव के चलते चौथे दिन कमरा छोड़कर चलते बने थे।
इधर, तीन दिन में मकान मालिक से सात बार पूछताछ के बाद भी संदिग्ध जानकारियां पुलिस को नहीं मिल सकी। पुलिस ने कॉल डिटेल के साथ ही मकान मालिक के दो बैंक खाते और उसकी मां, पिता व भाई के तीन खातों का नवंबर 2021 से अब तक का ब्योरा खंगाला है लेकिन मकान मालिक के खातों में संदिग्ध लेनदेन नहीं मिला है। पुलिस बाकी परिजनों के तीन खातों के लेनदेन खंगाल रही है।
कोट:
अब तक ही छानबीन में कोई संदिग्ध बात सामने नहीं आई है। मकान मालिक के बैंक खातों में कुछ नहीं पाया गया है। चूंकि मामला गंभीर है लिहाजा इसकी जांच के लिए स्पेशल टीम गठित की जाएगी। सिरौलीकला में कोई बम का परीक्षण नहीं हुआ था।- मंजूनाथ टीसी, एसएसपी, यूएस नगर