Kayaking in Baur Dam Gularbhoj
- फोटो : RUDRAPUR
गूलरभोज। 33वीं राष्ट्रीय कयाकिंग और कैनोइंग प्रतियोगिता का दूसरा दिन तेज हवाओं की भेंट चढ़ गया। पांच हजार मीटर रेस के दौरान सात खिलाड़ियों की नावें पलट गईं इस पर एसडीआरएफ की टीम ने सभी खिलाड़ियों का सकुशल रेस्क्यू किया। एक हजार मीटर रेस के फाइनल और पांच हजार मीटर की रेस के इवेंट नहीं हो सके। सिर्फ कैनो सलालम खेल ही हो सका।
बौर जलाशय में राष्ट्रीय प्रतियोगिता के दूसरे दिन मंगलवार को पांच हजार मीटर की रेस शुरू करते ही तेज हवाएं चलने लगीं। हवाओं के कारण जलाशय के पानी में तेज लहरें उठने लगीं। पांच हजार मीटर की रेस में आठ खिलाड़ियों ने भाग लिया। तेज लहरों के कारण जलाशय में छह खिलाड़ियों की नाव पलट गईं।
पुलिस के जवान प्रजापति लक्ष्य तक पहुंचने ही वाले थे कि एक नाव और पलट गई इससे रेस को निरस्त करना पड़ा। एसडीआरएफ की टीम ने सभी खिलाड़ियों को रेस्क्यू कर जलाशय से बाहर निकाला। इसके बाद एक हजार मीटर रेस कराने का प्रयास भी विफल रहा। दोपहर बाद सलालम ट्रैक पर कैनो सलालम कराया गया। इसमें 25 राज्यों के कयाक पुरुष 40, महिला 19, कैनो पुरुष 18 और कैनो महिला में 13 खिलाड़ियों ने हिट किया। सलालम टेक्निकल हेड देवेंद्र गुप्ता ने बताया कि दूसरे दिन के फाइनल परिणाम बुधवार को घोषित किए जाएंगे।
आकर्षण का केंद्र रहा कैनो सलालम
गूलरभोज। बौर जलाशय में 33वीं राष्ट्रीय कैनो स्प्रिंट चैंपियनशिप में कैनो सलालम प्रतियोगिता आकर्षण का केंद्र रही। खिलाड़ियों के नाव को पिलरों के बीच से घुमाकर ले जाना लोगों का खूब पसंद आया। खिलाड़ियों का अपनी नाव को पलटना और फिर से सीधा कर रेस में शामिल होना लोगों को रोमांचित कर रहा था। मुख्य रेस स्थगित होने के चलते लोगों ने इसी खेल को देखा।
मौसम की बाधाओं के बीच भी कराई जाएंगी प्रतियोगिताएं
गूलरभोज। उत्तराखंड ओलंपिक एसोसिएशन के महासचिव डॉ. डीके सिंह ने कहा कि मौसम खराब होने के कारण प्रतियोगिताएं प्रभावित जरूर हुई हैं लेकिन टेक्निकल टीम के साथ मिलकर इन प्रतियोगिताओं को सही समय पर कराया जाएगा। उत्तराखंड स्टेट हेड पुष्कर राज जैन ने कहा कि मौसम के खराब होने से कुछ रेस नहीं कराई जा सकी हैं जिन्हें बुधवार को पूरा करा लिया जाएगा। साथ ही चैंपियनशिप को सही समय पर पूरा कराने का प्रयास भी रहेगा।