रुद्रपुर। गदरपुर में डाक कावड़ लेने गया युवक ट्रैक्टर ट्रॉली से उछलकर सड़क पर गिर गया और उसकी मौके पर मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने पहुंच कर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
सिकरी थाना बहेड़ी जिला बरेली निवासी अजय पाल (28) सावन में जलाभिषेक के लिए डाक कांवड़ लेने जत्थे के साथ बहेड़ी से 28 जुलाई को हरिद्वार गया था। हरिद्वार से डाक कांवड़ लेकर जत्था बहेड़ी लौट रहा था। अजय भी जत्थे के अन्य साथियों के साथ ट्राली में बैठा था। पुलिस के मुताबिक, गदरपुर के मोतियापुर में झटका लगने पर अजय सिर के बल हाईवे पर जा गिरा। सूचना पर आपातकाल सेवा 108 के साथ ही पुलिस मौके पर पहुंची। वह अजय को अस्पताल ले जाने लगे लेकिन तब तक वह दम तोड़ चुका था। अविवाहित अजय चार भाईयों में वह दूसरे नंबर का था। उसके पिता नत्थूलाल किसानी करते हैं। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव को परिजनों के सुुपुर्द कर दिया। गदरपुर थाना एसओ राजेश पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।