काशीपुर। पं. जीबी पंत इंटर कॉलेज में बाल दिवस पर आयोजित विशेष भोज की लाइन में खड़े आठवीं के छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। छात्र के परिजनों ने पिटाई का आरोप लगकार कॉलेज के स्टाफ को जिम्मेदार ठहराते हुए हंगामा किया। पुलिस ने जांच के लिए कॉलेज की डीवीआर कब्जे में ले ली है।
मोहल्ला कानूनगोयान निवासी सुबोध गुप्ता का बेटा मोक्ष गुप्ता (12) जीबी पंत इंटर कॉलेज में आठवीं छात्र था। सोमवार को बाल दिवस के मौके पर कॉलेज में विशेष भोज का आयोजन किया गया था। प्रधानाचार्य अजय कौशिक ने बताया कि दोपहर 12:20 बजे मोक्ष अपनी कक्षा से निकलकर भोजन की लाइन में लगा था। 12:28 बजे अचानक वह खड़े-खड़े फर्श पर गिर पड़ा।
साथी छात्र उसे उठाकर पीछे कमरे में ले गए और उन्होंने छात्र के मुंह में चीनी डाली। स्कूल स्टाफ की सूचना पर परिजन स्कूल पहुंचे और शिक्षक गुलाब सिंह के साथ छात्र को तहसील रोड व रामनगर रोड के कई अस्पतालों में लेकर पहुंचे जहां डॉक्टरों ने छात्र को मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि बच्चे के मुंह से झाग निकल रहा था। अस्पताल से परिजन छात्र का शव लेकर दोपहर करीब दो बजे कॉलेज पहुंच गए।
उन्होंने एक शिक्षिका पर गंभीर आरोप लगाते हुए उसे छात्र की मौत का जिम्मेदार ठहराया। परिजनों का आरोप था कि छात्र के शरीर पर नीले निशान पाए गए हैं। उन्होंने कहा कि पीटने के कारण उनके बच्चे की मौत हुई है। हंगामे की सूचना पर एसपी अभय सिंह, सीओ वंदना वर्मा, कोतवाल मनोज रतूड़ी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। एसपी ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया लेकिन वह शिक्षिका के खिलाफ कार्रवाई की जिद पर अड़े रहे।
पिता का आरोप आरोप
छात्र के पिता सुबोध का आरोप है कि उन्हें बच्चे के बारे में करीब ढाई घंटे की देरी से सूचना दी गई। डॉक्टरों ने बताया कि उनके बेटे की मौत ढाई घंटे पूर्व हो चुकी है। मां चित्रा ने कॉलेज प्रबंधन को अपने बेटे की मौत का जिम्मेदार ठहराया। हंगामे को देखते हुए खुद एसपी अभय ने छात्र का शव गोदी में उठाकर गाड़ी में रखा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने कॉलेज के सीसीटीवी फुटेज भी चेक किए और डीवीआर कब्जे में ले ली है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। मोक्ष परिवार का इकलौता पुत्र था।
मोर्चरी से शव लेकर फिर अस्पताल की ओर दौड़े परिजन
काशीपुर। कई अस्पताल में डॉक्टरों ने छात्र मोक्ष को मृत घोषित कर दिया था। इसके बाद भी परिजनों को उसकी मौत पर विश्वास नहीं हो पाया। मोर्चरी में मोक्ष के शरीर में कुछ हरकत होने के संदेह पर परिजन शव को लेकर चामुंडा स्थित एक निजी अस्पताल ले गए लेकिन वहां भी डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन शव को फिर से मोर्चरी ले आए। संवाद
डॉक्टरों के पैनल से कराया जाएगा पोस्टमार्टम
काशीपुर। छात्र के शव का पोस्टमार्टम डॉक्टरों के पैनल से कराया जाएगा। पुलिस की ओर से मृतक के पोस्टमार्टम में हृदय रोग विशेषज्ञ को शामिल करने की बात कही गई है। काशीपुर के सरकारी अस्पताल के सीएमएस डॉ. कैमाश राणा ने बताया कि पुलिस की ओर से छात्र का पोस्टमार्टम हृदय रोग विशेषज्ञ और न्यूरोलॉजिस्ट से कराने की संस्तुति की गई है। काशीपुर अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टर तैनात नहीं है। इस स्थिति में पोस्टमार्टम के लिए शव को सुशील तिवारी अस्पताल हल्द्वानी भेजा जाएगा। संवाद
कोट
जीबी पंत इंटर कॉलेज के छात्र मोक्ष की मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही उसकी मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। - वंदना वर्मा, सीओ काशीपुर।
शव हल्द्वानी भेजने पर भड़के लोग, कोतवाली घेरी
काशीपुर। स्कूल में संदिग्ध परिस्थितियों में छात्र की मौत के मामले में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग के लिए शाम को लोगों ने कोतवाली में एसपी का घेराव किया। उन्होंने परिजनों को साथ लिए बिना छात्र का शव पोस्टमार्टम के लिए हल्द्वानी भेजे जाने का भी विरोध किया जिस पर पुलिस ने शव वापस मंगाकर मोर्चरी में रखवा दिया है।
पुलिस ने शव मोर्चरी में रखवा दिया था। शव का पोस्टमार्टम डॉक्टरों के पैनल से होना है। शाम छह बजे पुलिस शव लेकर हल्द्वानी के लिए रवाना हुई। पुलिस ने छात्र के किसी परिजन को साथ नहीं लिया। शव ले जाने की भनक लगते ही मृतक के परिजनों में आक्रोश फैल गया और दर्जनों की संख्या में लोग कोतवाली पहुंच गए।
सूचना पर एसपी अभय सिंह भी कोतवाली आ गए। गुस्साए लोगों ने एसपी का घेराव कर शव गुपचुप हल्द्वानी भेजे जाने पर विरोध जताया जिस पर एसपी ने शव को वापस मंगा लिया। मृतक के पिता ने अपने बेटे की हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए कहा कि उसके सीने और पीठ पर पिटाई के नीले निशान हैं। उन्होंने एक शिक्षिका पर छात्र को पीटने का आरोप लगाया। एसपी अभय सिंह ने परिजनों को निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया। इधर घेराव के दौरान मौके पर पहुंचे भाजपा नेता दीपक बाली ने हंगामा कर रहे लोगों को समझाते हुए तहरीर देने को कहा।
पिता ने पुलिस को दी तहरीर
काशीपुर। पुलिस को दी तहरीर में मोहल्ला कानूनगोयान निवासी सुबोध गुप्ता ने कहा है कि सोमवार को उनका बेटा मोक्ष स्कूल गया था। दोपहर करीब 12:20 बजे स्कूल से फोन आया कि आपका बेटा चक्कर खाकर गिर गया है। वह स्कूल पहुंचे तो उनका बेटा लेटी हुई अवस्था में था और उसकी सांस नहीं चल रही थी। शरीर पर चोटों के निशान थे। आंख पर नीले पड़े हुए थे। छाती पर पाइप के निशान थे, उंगलियां टूटी और होंठ फटे हुए थे।
डॉक्टर ने दो-ढाई घंटे पहले मोक्ष की मौत होने की जानकारी दी। तहरीर में कहा गया कि शिक्षिका की पिटाई से उनके बेटे की की मौत हुई है। मृतक के पिता ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज करने की मांग की है। खबर लिखे जाने तक केस दर्ज नहीं हो सका था। संवाद
काशीपुर के सरकारी अस्पताल में रोती बिलखती मां चित्रा। संवाद- फोटो : KASHIPUR
मोक्ष का फाइल फोटो।- फोटो : KASHIPUR