रुद्रपुर। पीलीभीत जा रहे कांवड़ियों के दल में शामिल एक कांवड़िये की कांवड़ बाइक सवार से टकराकर खंडित हो गई। इससे गुस्साए कांवड़ियों ने हाईवे पर हंगामा कर जाम लगा दिया। कांवड़ियों से हंगामे से पुलिस के हाथ पांव फूल गए। आनन फानन पहुंचे पुलिसकर्मियों ने कांवड़ का शुद्धिकरण किया और किसी तरह समझा बुझाकर मामला शांत कराया। एक घंटे बाद हाईवे के एक हिस्से में बंद पड़े यातायात को सुचारू किया जा सका।
मंगलवार शाम कांवड़ियों का दल न्यूरिया पीलीभीत जा रहा था। नेशनल हाइवे पर खानपुर में एक बाइक से टकराकर कांवड़िये की कांवड़ जमीन पर गिर गई। गंगाजल भी सड़क पर बह गया। हादसे में बाइक सवार भी चोटिल हो गया। कांवड़ खंडित होने से कांवड़िया भावुक होकर रोने लगा और उसके साथी कांवड़ियों ने हंगामा कर हाइवे का एक हिस्सा जाम कर दिया। सूचना पर मौके पर पहुंची दिनेशपुर थाने की फोर्स ने कांवड़ियों को समझाने की कोशिश की।
इस दौरान एसपी सिटी मनोज कत्याल और सीओ पंतनगर तपेश कुमार भी वहां पहुंच गए। कावंड़ियों ने कहा कि कांवड़ खंडित हो चुकी है, लिहाजा बिना गंगाजल कांवड़िये की यात्रा आगे नहीं जा सकती है। खंडित कांवड़ को ऐसे नहीं छोड़ा जा सकता है। उनका कहना था कि यूपी में कांवड़ियों की सुरक्षा के बेहतर इंतजाम हैं लेकिन यहां व्यवस्था ठीक नहीं है। काफी देर चले हंगामे के बाद पंडित बुलाए गए और उन्होंने कांवड़ का शुद्धिकरण किया। इसके बाद गंगाजल जुटाकर कांवड़िये को दूसरे कांवड़ वालों के साथ रवाना किया गया।
एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि पंडित ने कांवड़ का शुद्धिकरण कराने के बाद कांवड़ियों को गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया। इसके बाद हाइवे पर भारी वाहनों की आवाजाही को प्रतिबंधित कर दिया।