दिनेशपुर। कालीनगर व्यापार मंडल के अध्यक्ष प्रदीप हाल्दार (50) का निधन हो गया है। दो सप्ताह पहले दिमाग की नस फटने पर उन्हें बरेली के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मंगलवार को हालत बिगड़ने पर उन्हें मुरादाबाद के टीएमयू अस्पताल ले जाया गया, जहां देर रात उन्होंने दम तोड़ दिया। उनके निधन का समाचार मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। तमाम लोग शोक संवेदना व्यक्त करने उदयनगर गांव स्थित उनके निवास पर पहुंचे। दोपहर बाद उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। शोक में बुधवार दिनभर कालीनगर कस्बे का बाजार बंद रहा। पूर्व विधायक प्रेमानंद महाजन, नारायण शाह, त्रिनाथ विश्वास, सुकोमल मंडल, सुभाष व्यापारी, रवि सरकार, भोला शर्मा, अशोक मिस्त्री आदि ने अंतिम संस्कार में शामिल होकर शोक जताया।