काशीपुर। ग्राम चापट के करीब 65 मजदूर गेहूं काटने के लिए झांसी (यूपी) गए थे। एक सप्ताह पूर्व सभी वापस आ गए। स्वास्थ्य विभाग सभी का सैंपल भेजकर जांच कर रहा है। सोमवार को प्रशासन ने बैठक कर निगेटिव आने वाले मजदूरों को अलग रखने के लिए रजपुरा रानी राजकीय प्राथमिक स्कूल को सेंटर बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए थे। मंगलवार को विभाग ने स्कूल को अलग सेंटर बना दिया। अब तक 30 मजदूरों का सेंपल भेजकर जांच की जा चुकी है, जिनकी रिपोर्ट निगेटिव आई है। सभी को इसी सेंटर में रखा जाएगा। 35 ग्रामीणों की जांच अभी होनी है। कोरोना नोडल अधिकारी डॉ. अमरजीत सिंह साहनी ने बताया कि मंगलवार को 18 लोगों का सैंपल जांच के लिए हल्द्वानी भेजा गया है।