बन्नाखेड़ा (बाजपुर)। अयोध्या धाम में 22 जनवरी को नवनिर्मित श्रीराम मंदिर में श्रीराम लला की प्राण-प्रतिष्ठा समारोह का निमंत्रण जन-जन तक पहुंचाने के लिए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यकर्ताओं ने अभियान शुरू कर दिया है।
बृहस्पतिवार को स्वयंसेवक संघ के कार्यकर्ता गांव बन्नाखेड़ा स्थित प्राचीन श्री शिव मंदिर पर एकत्र हुए। उन्होंने श्रीराम दरबार और कीर्तन मंडली के साथ गांव में प्रभातफेरी निकाली। प्रभातफेरी शिव मंदिर से प्रारंभ होकर इटव्वा रोड, बैलपड़ाव रोड, बरहैनी रोड, केशोवाला रोड सहित गांव के गली-मोहल्लों से होकर पुनः मंदिर में आकर संपन्न हुई। इस दौरान कार्यकर्ता रामभक्तों ने लोगों को 22 जनवरी को अयोध्या धाम में नवनिर्मित श्रीराम मंदिर में प्रभु श्रीराम जी के प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम का निमंत्रण दिया। साथ ही दीपावली मनाने का आह्वान किया।यहां पर चंद्रपाल दिवाकर, मदनलाल वर्मा, पवन कुमार वर्मा, कमलजीत सिंह, रंजीत सिंह, पतराम सिंह, प्रकट सिंह, विक्की कश्यप, राहुल सैनी, राजकिशोर आदि उपस्थित थे।
घर-घर जाकर बांटे पूजित अक्षत
खटीमा। भगवान श्रीराम जन्मभूमि अयोध्या से आए पूजित अक्षत का बृहस्पतिवार को पहले दिन में लोगों ने घर-घर जाकर वितरण किया गया। इस दौरान लोगों ने भगवान श्रीराम के जयकारों से माहौल भक्तिमय हो गया। कंजाबाग स्थित सिद्वेश्वर मंदिर से निकाली यात्रा शहर में होते हुए वार्ड नंबर 15 व वार्ड 20 में पहुंचीं। जहां लोगों को पूजित अक्षत वितरित करते हुए भगवान राम के मंदिर के दर्शन अयोध्या का आमंत्रण दिया। शुक्रवार को ब्यानधुरा मंदिर से यात्रा निकलेगी। वहां नंदन खड़ायत, हरीश जोशी, शांति पांडेय, कौशल्या बोरा, महेश राणा, कमला मेलकानी आदि थे। संवाद
प्रजापति समाज ने निकाली अक्षत यात्रा
काशीपुर। नगर निगम वार्ड नंबर-19 मोहल्ला कटरामालियान में प्रजापति समाज के श्रीराम भक्तों ने अयोध्या में पूजित अक्षत, श्रीराम के मंदिर का चित्र और निमंत्रण पत्र का वार्ड वासियों में बांटे। कैलाश चंद्र प्रजापति ने कहा की मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम का जीवन चरित्र विश्व के लिए पूजनीय है। वहां राजकुमार यादव, धीरज वर्मा, शलभ अग्रवाल, गंधार अग्रवाल, प्रेम कुमार, दिलीप ढल्ला आदि थे। संवाद
श्रीराम के जय घोष संग निकाली अक्षत कलश यात्रा
पंतनगर। श्रीराम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा निमंत्रण अभियान समिति की ओर से नगर की सभी शाखाओं को श्रीराम मंदिर का चित्र, अक्षत कलश और निमंत्रण पत्र भेंट किए गए। शिवालय मंदिर झा काॅलोनी मंदिर से निकाली गई शोभा यात्रा परिसर के विभिन्न मार्गों से गुजरकर वहां पहुंचकर खत्म हुई। वहां नगर संचालक डॉ. श्रीराम, डॉ. बृजेश सिंह, त्रिलोकी शंकर मिश्रा, डॉ. राकेश भट्ट, शैलेंद्र सिंह, एसबी सिंह आदि थे। संवाद