रुद्रपुर। पैरोल से फरार हुए आतंकी जग्गा को भगाने में मुंबई के एक चौधरी गैंग का नाम सामने आ रहा है। बताया जा रहा है कि वह चौधरी गैंग के लगातार संपर्क में था और उसी गैंग के मुखिया ने उसे भगाने की साजिश रची थी। बताया जा रहा है कि वह पंजाब में चल रही गैंगवार में एक बदमाश को मारने की फिराक में था। पिछले दिनों किच्छा में पकड़े गए शूटर राहुल से भी उसके तार जुड़ते नजर आ रहे हैं।
पूर्व में कुमाऊं में बंबईया नाम से चलने वाला गैंग अब मुुंबई में सक्रिय है। गैंग के सरगना की मृत्यु हो जाने के बाद अब उसे चौधरी नाम का शख्स चला रहा है। बताया जा रहा है कि वर्ष 2021-22 में हल्द्वानी जेल में रहने के दौरान जग्गा गैंग के संपर्क में आया और वहीं पैरोल से फरार होने की साजिश रची गई। सूत्रों के अनुसार इसके बाद जिले में सक्रिय गैंग के गुर्गों ने जग्गा की पैरोल से फरार होने में मदद की। उसे रुपयों की फंडिंग, वाहन और हथियार की सप्लाई भी कराई। जग्गा पंजाब में चल रही गैंगवार के एक बड़े बदमाश को मारने की फिराक में था और पैरोल से फरार होने के बाद वह इसी अभियान में लग गया था।
29 मार्च को किच्छा के एक मकान से गिरफ्तार हुए चार शूटर राहुल श्रीवास्तव का भी जग्गा से कनेक्शन जुड़ता नजर आ रहा है। राहुल मार्च 2020 में रामनगर से रंगदारी के मामले में जेल गया था। उसके साथ आतंकी जग्गा का साथी नौशाद भी जेल गया था। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी का कहना है कि अभी इस मामले में साफतौर पर कुछ भी नहीं जा कहा जा सकता है। आतंकी से संपूर्ण पूछताछ करने के बाद ही कुछ कहा जाएगा।