बाजपुर। क्षेत्र के 20 गांवों की 5838 एकड़ भूमि का मामला सोमवार को हरियाणा के करनाल में आयोजित संयुक्त किसान मोर्चा की राष्ट्रीय बैठक में मजबूती से उठा। भूमि बचाओ मुहिम के संयोजक किसान नेता जगतार सिंह बाजवा ने मुद्दा उठाते हुए कहा कि छह साल से अधिक समय से बाजपुर क्षेत्र की भूमि के भूमिधरी अधिकार गैर-कानूनी तरीके से छीने गए हैं। सरकार की ओर से कई बार आश्वासन देने के बाद भी अभी तक अधिकार वापस नहीं किए गए हैं। इससे हजारों परिवार दयनीय स्थिति में हैं। मामले को संयुक्त किसान मोर्चा ने गंभीरता से संज्ञान में लिया और दिसंबर में अपनी टीम को उत्तराखंड भेजने का आश्वासन दिया है। बाजवा ने क्षेत्र में हुई ओलावृष्टि के मुद्दे पर भी चर्चा की। बैठक में वरिष्ठ किसान नेता जोगेंद्र सिंह उग्रहां, राकेश टिकैत, अशोक धवले आदि मौजूद थे। संवाद