रुद्रपुर। जिला पंचायत अध्यक्ष के खिलाफ अपर मुख्य अधिकारी की ओर से की गई शिकायतों पर तीन सदस्यीय कमेटी ने जांच शुरू कर दी है। कमेटी सदस्यों ने जिपं कार्यालय पहुंचकर आरोपों से संबंधी पत्रावलियों की जांच की और कुछ पत्रावलियों को कब्जे में लिया। इसके अलावा टीम ने अपर मुख्य अधिकारी के साथ ही दो जिपं सदस्यों से भी जानकारियां ली।
दरअसल जिला पंचायत अध्यक्ष रेनू गंगवार और अपर मुख्य अधिकारी तेज सिंह के बीच टेंडरों और निर्माण कार्यों को लेकर ठन गई थी। 29 जनवरी को जिपं अध्यक्ष की ओर से बुलाई गई बोर्ड बैठक में अपर मुख्य अधिकारी व वित्तीय परामर्शदाता के तबादले की मांग कर खिलाफ निंदा प्रस्ताव पास किया गया था। अपर मुख्य अधिकारी ने बोर्ड बैठक को अवैध करार देते हुए हिस्सा नहीं लिया था। जिपं अध्यक्ष की शिकायत पर पंचायती राज निदेशक ने अपर मुख्य अधिकारी के वित्तीय अधिकार सीज कर दिए थे। उन्होंने आहरण वितरण का अधिकारी संयुक्त निदेशक मनवर सिंह को सौंपा था। इधर अपर मुख्य अधिकारी की ओर से जिपं अध्यक्ष पर कार्यालय के तकनीकी, वित्तीय एवं प्रशासनिक कार्यों में अनावश्यक हस्तक्षेप के आरोप पर तीन सदस्यीय जांच कमेटी गठित की गई थी।
शुक्रवार को जांच कमेटी में शामिल निदेशालय के मुख्य वित्त अधिकारी शशि सिंह, संयुक्त निदेशक राजीव कुमार नाथ त्रिपाठी और तकनीकी अभियंता गणेश भट्ट जिपं कार्यालय पहुंचे। उन्होंने विभिन्न पत्रावलियों के साथ ही जनवरी में हुई बोर्ड बैठक की पत्रावलियां जांची। उन्होंने कुछ पत्रावलियों को कब्जे में लिया। इसके अलावा अपर मुख्य अधिकारी तेज सिंह से अनावश्यक हस्तक्षेप के आरोपों और जिपं सदस्य सुमन सिंह, विपिन कुमार से भी टेंडरों को लेकर हुई शिकायतों के बारे में जानकारी ली।