खटीमा। एसडीएम रविंद्र सिंह बिष्ट ने बुधवार को पुरनापुर गांव के सरकारी स्कूल का निरीक्षण किया। इस दौरान एक शिक्षक शराब के नशे में धुत मिला। एसडीएम ने नशे में धुत शिक्षक का स्वास्थ्य परीक्षण कराया और मुख्य शिक्षाधिकारी (सीईओ) आरसी आर्य को फोन कर नशे की हालत में पाए शिक्षक को निलंबित करने के निर्देश दिए। इस दौरान एसडीएम ने स्कूल में सफाई करा पेयजल व्यवस्था आदि की जानकारी ली।
एसडीएम के निरीक्षण के दौरान पुरनापुर गांव के एक स्कूल में तैनात दो शिक्षकों में से एक शिक्षक अवकाश पर पाए गए जबकि दूसरे शिक्षक नशे में धुत मिला। एसडीएम बिष्ट ने नशे की हालत में पाए गए शिक्षक का स्वास्थ्य परीक्षण कराने के निर्देश तहसीलदार शुभांगिनी को दिए और सीईओ को फोन कर घटना की सूचना दी। एसडीएम बिष्ट ने सीईओ से आरोपी शिक्षक को निलंबित करने के लिए कहा। कहा कि शिक्षण कार्य में कोताही बरतने वाले शिक्षकों को बख्शा नहीं जाएगा। कहा कि स्कूलों के औचक निरीक्षण का अभियान आगे भी जारी रहेगा।
वहीं सीईओ आरसी आर्य ने कहा कि एसडीएम ने फोन पर शिक्षक को नशे में धुत मिलने की जानकारी देकर शिक्षक के निलंबन की संस्तुति की है। इसलिए शिक्षक को निलंबित करने के आदेश संबंधित क्षेत्र के उप शिक्षाधिकारी को दिए गए हैं।