काशीपुर। गन्ना किसान संस्थान एवं प्रशिक्षण केंद्र काशीपुर की ओर से गन्ना विकास परिषद काशीपुर परिक्षेत्र के ग्राम परमानंदपुर में एक दिवसीय कृषक गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में किसानों को आगामी गन्ना बुवाई, उन्नत बीज, रोग प्रबंधन और वैज्ञानिक खेती की जानकारी दी गई। गोष्ठी में गन्ना विभाग के प्रचार एवं जनसंपर्क अधिकारी नीलेश कुमार ने कहा कि गन्ने की खेती में गहराई और दूरी का बहुत महत्व है। किसान गुल खोलकर गहराई में बुवाई करें और दूरी बनाए रखें जिससे गन्ने को फैलाव में मदद मिलेगी। गन्ना अनुसंधान केंद्र के वैज्ञानिकों ने बताया कि वर्तमान में 15023, 13235, 14201, 12226 जैसी उन्नतशील प्रजातियां हैं जिन्हें किसानों को अपनाना चाहिए। 0238 प्रजाति रेड रॉट रोग की चपेट में आ गई है, इसलिए किसान इसकी बुवाई बिल्कुल न करें और इसे बदलें। वैज्ञानिकों ने कीट एवं रोग प्रबंधन के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी। गोष्ठी में गन्ना अनुसंधान केंद्र के वैज्ञानिकों सहित गन्ना विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, चीनी मिल बाजपुर के प्रतिनिधि मौजूद रहे। संवाद