दो बच्चों की मां निलिमा के नेतृत्व में भारत पैरा थ्रोबॉल में बना चैंपियन
काठमांडो में आयोजित प्रतियोगिता के फाइनल में नेपाल को 4-1 से दी शिकसत
संवाद न्यूज एजेंसी
रुद्रपुर। नेपाल के काठमांडो में आयोजित हुई इंडो-नेपाल-बांग्लादेश पैरा थ्रोबॉल स्पर्धा में भारतीय महिला टीम ने दिनेशपुर निवासी निलिमा राय की कप्तानी में नेपाल को 4-1 से हराकर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया है। दो बच्चों की मां निलिमा ने प्रतियोगिता में अपने नेतृत्व कौशल का अद्भुत प्रदर्शन किया। दिनेशपुर की ही पैरा खिलाड़ी रेखा मेहता को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया।
राष्ट्रीय पैरालंपिक कमेटी ऑफ नेपाल की ओर से काठमांडो में 19 फरवरी से स्पर्धा का आयोजन किया गया। भारतीय टीम में प्रदेश की दो पैरा खिलाड़ी निलिमा राय व रेखा मेहता का चयन किया गया था। बताया कि भारतीय टीम का अच्छा प्रदर्शन होने के चलते उन्हें आठ मार्च से चेन्नई में होने वाली प्री एशियन थ्रोबॉल चैंपियनशिप में प्रतिभाग करने का मौका मिल सकता है। दोनों पैरा खिलाड़ियों के पदक अर्जित करने पर क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है।
-
पैरा खेलों में ऑलराउंडर है निलिमा
रुद्रपुर। दिनेशपुर निवासी निलिमा पैरा खेलों में आलराउंडर की भूमिका निभाती हैं। निलिमा ने वर्ष 2019 में हुए तीसरे राष्ट्रीय स्तरीय पैरा बैडमिंटन प्रतियोगिता में कांस्य पदक हासिल किया है। वर्ष 2021 में हुई तीसरी लॉन बॉल राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता के युगल वर्ग में स्वर्ण व एकल में रजत पदक हासिल किया है। दूसरी पैरा मास्टर स्वीमिंग राष्ट्रीय स्तर प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक, पैरा मास्टर बैडमिंटन राष्ट्रीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक हासिल किया है। संवाद
-
मॉडलिंग के साथ पैरा खेलों में भी छाई रेखा
रुद्रपुर। दिनेशपुर में आंगनबाड़ी सहायिका के साथ ही रेखा मेहता पैरा खेलों की चैंपियन है। रेखा ने वर्ष 2019 में वाराणसी में हुए राष्ट्रीय स्तरीय बैडमिंटन स्पर्धा में व्हीलचेयर मिक्स डबल में स्वर्ण पदक हासिल किया। फिर इसी वर्ष मलेशिया में शूटिंग वॉलीबाल में भी प्रतिभाग किया। चंडीगढ़ में हुए दिव्यांग फैशन शो में भी भाग लिया। 2020 में गुजराज में हुए वूमेन क्रिकेट कैंप में 15 दिन कोचिंग ली। संवाद