जसपुर। भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) कार्यकर्ताओं, हटाए गए परिजनों और एसडीएम के बीच हुई वार्ता में पीड़ितों के पुनर्वास पर सहमति नहीं बन सकी। ग्रामीणों ने ने पीड़ित परिवारों को स्वामित्व योजना के तहत हटाए गए खसरा नंबर पर बसाने की मांग की।
भाकियू के सदस्यों ने मासिक पंचायत कर अतिक्रमण मामले में बेघर हुए परिवारों को आवासीय भूमि दिलाने का प्रस्ताव पारित कर एसडीएम को सौंपा था। एसडीएम ने पीड़ित परिजनों एवं भाकियू सदस्यों को मंगलवार को वार्ता के लिए बुलाया था। एसडीएम कार्यालय में हुई वार्ता में पीड़ित परिजनों ने कहा कि खसरा नंबर 287 आबादी का है। इसी खसरा नंबर पर उनके आवास थे। प्रशासन ने खसरा नंबर 290 का अतिक्रमण हटाने का नोटिस दिया था लेकिन अतिक्रमण खसरा नंबर 287 से हटाया गया।
एसडीएम गौरव चटवाल ने बताया कि किसानों एवं पीड़ित परिवारों ने कुछ दिन का समय मांगा है। किसान नेता अमनप्रीत सिंह ने बताया कि वार्ता में कुछ मुद्दों पर सहमति बनी है। वहां भाकियू प्रदेश उपाध्यक्ष प्रेम सहोता, अमनप्रीत सिंह, चौधरी किशन सिंह, कुलदीप सिंह, सुरजीत सिंह, गज्जन सिंह, जगजीत सिंह, संजीव चौधरी, गज्जन सिंह आदि रहे।