काशीपुर। शहर के मुख्य सड़कों पर छोटे गड्ढों ने बड़े गड्ढों का आकार लेना शुरू कर दिया है। इससे कभी भी कोई वाहन चालक गिरकर चोटिल हो सकता है। बारिश के सीजन में सड़कों पर हो रहे गड्ढों में पानी जमा हो रहा है। इससे हादसे की आशंका बनी हुई है। शहर के रामनगर रोड पर आरओबी से थोड़े पहले ही एक बड़ा गड्ढा हो गया है। एमपी चौक, चीमा चौराहा, राधेश्याम बिल्डिंग के पास, स्टेडियम तिराहा, चीमा से कुंडेश्वरी जाने वाली सड़क, चैती चौराहे के पास, जसपुर अड्डा समेत कई स्थानों पर सड़कें टूट चुकी हैं, जो कभी भी एक बड़े गड्ढे का रूप ले सकती है। लोनिवि ईई अरुण कुमार ने बताया कि ऐसी सड़कों पर होने वाले गड्ढे चिह्नित किए जा रहे हैं। बरसात कम होते ही पैचिंग का कार्य कर दिया जाएगा।