काशीपुर। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि आने वाले पांच साल में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं की आय दोगुनी हो जाएगी। स्वयं सहायता समूहों का माल खरीदने के लिए हर ब्लॉक में एक विशेष दुकान खोली जाएगी और इस दुकान पर सिर्फ स्वयं सहायता समूहों का सामान बेचा जाएगा।
बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर उदयराज इंटर कालेज के प्रेक्षागृह में ग्राम्य गौरव सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस मौके पर विकास खंड जसपुर, काशीपुर, बाजपुर, गदरपुर, रुद्रपुर, सितारगंज व खटीमा के 202 स्वयं सहायता समूहों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कैबिनेट मंत्री जोशी ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं विभिन्न रोजगार परक काम कर रही हैं। इनकी आय इतनी होने लगी है कि अधिकांश आत्मनिर्भर हो गई हैं और परिवार चलाने में सहायता करने लगी हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि हर ब्लाक में एक दुकान बनाई जाए जिसमें केवल स्वयं सहायता समूहों की ओर से तैयार माल बिकेगा।
उन्होंने कहा कि ऊधमसिंह नगर में चार हजार स्वयं सहायता समूह हैं और प्रत्येक को दो हजार रुपये दिए जा रहे हैं। राज्य के स्वयं सहायता समूहों का टर्नओवर 95 करोड़ रुपये है। उन्होंने कहा कि उद्यान के क्षेत्र में भी राज्य में तरक्की हो रही है। पर्वतीय क्षेत्र में कीवी, मैदानी क्षेत्र में आम, लीची, अमरूद की उन्नत प्रजातियां बागवानों को उपलब्ध कराई जा रही हैं। हाईब्रीड पौधे मात्र चौदह महीने में फल दे रहे हैं। इससे पहले मंत्री जोशी ने स्वयं सहायता समूहों की ओर से तैयार अचार, फलों का जूस, बच्चों के रेडीमेड कपड़े, बेंत व बांस, घास, एल्मूनियम के तारों से बनीं सुंदर सजावटी टोकरियों, मसाले, हल्दी, पर्वतीय दालों, लेडीज की प्रदर्शनी का निरीक्षण किया। वह स्वयं सहायता समूह जय अंबे की ओर से तैयार अचार को देख काफी खुश हुए।
इससे पहले भाजपा प्रदेश मंत्री गुरविंदर चंडोक, बबलू चौधरी, महिला आयोग की उपाध्यक्ष सायरा बानो, जिलाधिकारी युगल किशोर पंत, एसडीएम अभय प्रताप सिंह, परियोजना अधिकारी हिमांशु जोशी, जिला मुख्य उद्यान अधिकारी डॉ. भावना जोशी, सीडीओ विशाल मिश्रा, जिला विकास अधिकारी तारा हयांकी, ब्लाक प्रमुख अर्जुन कश्यप, खंड विकास अधिकारी चिंताराम, ग्राम प्रधान विमला ने कैबिनेट मंत्री का स्वागत किया। कार्यक्रम में अम्बीक चौधरी, राजदीपिका मधुर, मंजू यादव, कौशल गुप्ता, जगदीश चन्द तिवारी, केएल सागर आदि थे।
भर्ती घोटाले में हो सकती है सीबीआई जांच : जोशी
काशीपुर। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने पत्रकार वार्ता में कहा कि भर्ती घोटाले पर मुख्यमंत्री पुष्कर धामी गंभीर हैं। अभी एसआईटी जांच सही दिशा में चल रही है। अभी तक 45 आरोपी जेल जा चुके हैं, इनमें अधिकारी भी शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा है कि जरूरत पड़ी तो सीबीआई या अन्य एजेंसी से भी जांच कराई जा सकती है।
जोशी ने कहा कि भर्ती घोटाला करने वाली छोटी मछली हो या मगरमच्छ सभी को जेल जाना पड़ेगा। अभी एसआईटी जांच से सरकार संतुष्ट है। मुख्यमंत्री ने साफ कह दिया है कि मंत्री या पूर्व मंत्री या कोई बड़ा नेता क्यों ने हो अगर वह घोटाले में शामिल पाया गया तो उसके खिलाफ कार्रवाई अवश्य होगी। उन्होंने कहा अभी तक किसी सफेदपोश की गिरफ्तारी इसलिए नहीं हुई क्योंकि पहले घोटाला शुरू करने वाले पकड़े जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा पर संदेह न करें। सरकार सीबीआई जांच कराने से इनकार नहीं कर रही है बल्कि समय का इंतजार कर रही है। इस मौके पर गुरविंदर सिंह चंडोक, कैलाश पंत आदि थे।
महाराणा प्रताप की मूर्ति साफ कर किया माल्यार्पण
काशीपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में आयोजित सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम में कृषि मंत्री गणेश जोशी शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने महाराणा प्रताप की मूर्ति को साफ कर माल्यार्पण किया। कार्यकर्ताओं के साथ व नगर निगम टीम के साथ स्वच्छ भारत मिशन के तहत चौराहे पर झाड़ू लेकर सफाई की। पंत पार्क में पंडित गोविंद बल्लभ पंत की मूर्ति पर माल्यार्पण कर निगम शहीद वाटिका में शहीदों को नमन करते हुए पौधरोपण किया। यहां निगम में आयोजित नुक्कड़ नाटक के माध्यम से शहर और गांव को साफ करने का संदेश दिया गया। इस दौरान मंत्री जोशी ने कहा कि पीएम मोदी ने हमारे देश को जिन ऊंचाइयों पर पहुंचाया है, उस पर हमें गर्व है। संवाद
कार्यक्रम में महिलाओं को प्रशस्ति पत्र देते मंत्री गणेश जोशी। संवाद- फोटो : KASHIPUR
दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ करते कैबिनेट मंत्री व डीएम। संवाद- फोटो : KASHIPUR