फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UK: विजिलेंस ने दोनों को नोटिस देकर छोड़ा, हल्द्वानी सेक्टर के थाने से FIR दर्ज करने के बाद पहुंची थी टीम

Sat, 01 Aug 2026 12:10 PM IST
Heera अमर उजाला नेटवर्क, रुद्रपुर

सार

सितारगंज में 14 हजार रुपये की रिश्वत मांगने के मामले में विजिलेंस ने संग्रह अमीन और वरिष्ठ सहायक के खिलाफ गोपनीय जांच के बाद मुकदमा दर्ज की और ट्रैप कार्रवाई की।
विज्ञापन
नोटिस - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

सितारगंज तहसील में 14 हजार रुपये की कथित रिश्वत के मामले में संग्रह अमीन और वरिष्ठ सहायक के खिलाफ कार्रवाई करने वाली विजिलेंस के अधिकारियों ने चुप्पी तोड़ी है। विजिलेंस अधिकारियों के अनुसार दोनों कर्मचारियों के खिलाफ रिश्वत मांगने की शिकायत मिलने के बाद पहले गोपनीय जांच कराई गई थी। जांच के आधार पर हल्द्वानी सेक्टर के विजिलेंस थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई और इसके बाद ट्रैप कार्रवाई की गई।

हल्द्वानी सेक्टर की विजिलेंस टीम ने बुधवार शाम करीब तीन बजे सितारगंज तहसील में कार्रवाई कर संग्रह अमीन मदन लाल शर्मा और वरिष्ठ सहायक भूपेंद्र सिंह राणा को 14 हजार रुपये की कथित रिश्वत के मामले में पकड़ा था। कार्रवाई की सूचना के बाद जिलेभर के तहसील कर्मचारी विरोध में उतर आए। कर्मचारियों ने बुधवार रात से बृहस्पतिवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे तक विजिलेंस टीम को तहसील परिसर में रोके रखा।

बाद में प्रशासन और विजिलेंस अधिकारियों के बीच वार्ता हुई। इसके बाद टीम दोनों कर्मचारियों को मौके से छोड़कर लौट गई। मामले में विजिलेंस की ओर से आगे की कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट करते हुए एसपी विजिलेंस, हल्द्वानी सेक्टर दीपशिखा अग्रवाल ने बताया कि कार्रवाई नियमानुसार की गई थी।

उन्होंने बताया कि शिकायत मिलने के बाद गोपनीय जांच के लिए टीम गठित की गई थी। जांच के बाद विजिलेंस थाने में दोनों कर्मचारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई और इसके बाद ट्रैप कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान प्रशासन की ओर से बताया गया कि दोनों कर्मचारियों के कार्यक्षेत्र में सरकारी धन की वसूली भी शामिल है।

एसपी ने बताया कि दोनों कर्मचारियों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 35(3) के तहत नोटिस देकर छोड़ा गया है। नोटिस के तहत जांच के दौरान बुलाए जाने पर दोनों कर्मचारियों को उपस्थित होना होगा। मामले की विवेचना जारी है।

विजिलेंस ने नियमों के दायरे में रहकर कार्रवाई की थी। कार्रवाई के दौरान विरोध हुआ। प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से कर्मचारियों के कार्यक्षेत्र के संबंध में जानकारी दी गई। दोनों कर्मचारियों को नोटिस देकर छोड़ा गया है। मामले की विवेचना जारी है। -दीपशिखा अग्रवाल, एसपी विजिलेंस, हल्द्वानी सेक्टर

विज्ञापन





 

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें