रुद्रपुर। जिला पंचायत कार्यालय के लेखा कक्ष में शार्ट सर्किट से पंखे में आग लग गई। इसके चलते लेखा कक्ष में रखे चेस्ट बॉक्स के ऊपर रखीं सूचना के अधिकार,कोर्ट चालान की फाइल सहित एलआईसी से जुड़ीं फाइल भी जलकर खाक हो गई।
जिला पंचायत कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक लेखा कक्ष में शुक्रवार करीब नौ बजे आग लगी। 10 बजे जब कर्मचारियों ने जब सुबह लेखा कक्ष का कमरा खोलकर देखा तब तक दीवार में लगा पंखा व कुछ फाइल जलकर राख हो चुकी थीं। आनन फानन में कर्मचारियों ने कार्यालय के सफाई कर्मियों के साथ मिलकर पानी से आग में काबू पाया। इस दौरान कई फाइल जल चुकी थीं।
जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी तेज सिंह ने बताया कि लेखा कक्ष में चेस्ट बॉक्स के ऊपर कर्मचारियों के लिए पंखा लगाया गया था। पंखे में शार्ट सर्किट होने के चलते वह जल गया, इसके चलते चेस्ट बॉक्स के ऊपर रखीं सूचना के अधिकार, कोर्ट के चालान, एलआईसी सहित 10 से 12 फाइल जली हैं। बताया कि ज्यादा भीषण आग नहीं होने के चलते कर्मचारियों ने ही आग पर काबू पा लिया था। आग लगने की लिखित सूचना सिडकुल चौकी में दे रहे हैं।