काशीपुर। नगर में अवैध निर्माण रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं। अब जसपुर रोड पर कृषि भूमि पर नर्सिंग कॉलेज का भवन खड़ा कर देने का प्रकरण प्रकाश में आया है। एसडीएम ने अवैध तरीके से नर्सिंग कॉलेज का निर्माण कराने वालों को नोटिस भेजकर जवाब मांगा है।
नगर में बड़ी संख्या में अवैध निर्माण हो चुके हैं। अवैध निर्माणों के चलते शहर का सौंदर्य खराब हो रहा है। साथ ही जनता को कई सुविधाओं से वंचित होना पड़ रहा है। ताजा प्रकरण जसपुर रोड स्थित एक नर्सिंग कॉलेज के भवन निर्माण का है। यहां कृषि भूमि पर नर्सिंग कॉलेज का भवन बना दिया गया है। अभी तक जिला विकास प्राधिकरण ने काम रुकवाने की जहमत नहीं उठाई है जबकि भवन निर्माण कराने के दौरान नियमों का पालन नहीं किया गया। अब प्रकरण संज्ञान में आने के बाद एसडीएम ने नोटिस भेजकर जवाब मांगा है।
बताया जा रहा है
कि यह नर्सिंग कॉलेज एक रसूखदार डॉक्टर का है और निर्माण के विषय में प्राधिकरण को भी जानकारी थी। इसके बाद भी कार्रवाई क्यों नहीं हुई यह सवाल उठाया जा रहा है। नियमानुसार भवन को सील कर दिया जाना चाहिए था लेकिन ऐसा क्यों नहीं हुआ इसका जवाब किसी के पास नहीं है। एसडीएम/ संयुक्त सचिव जिला विकास प्राधिकरण अभय प्रताप सिंह ने बताया कि नर्सिंग कॉलेज का निर्माण करा रहे लोगों को नोटिस देकर कारण पूछा गया है। उसके बाद आगे की कार्यवाही की जाएगी।