दिनेशपुर। बागेश्वर बालाजी धाम के आचार्य धीरेंद्र शास्त्री के समर्थन में हिंदूवादी संगठनों और जनप्रतिनिधियों ने विशाल ध्वज यात्रा निकाली। इस दौरान नगर बागेश्वर बालाजी धाम के जयकारे से गुंजायमान हो उठा।
रविवार को विश्व हिंदू परिषद सहित अन्य संगठनों के आह्वान पर बड़ी संख्या में लोग बालाजी मंदिर में एकत्र हुए। वहां सभा में पूर्व सांसद बलराज पासी और विधायक अरविंद पांडेय ने कहा कि सनातन धर्म विश्व का प्राचीनतम धर्म है। बागेश्वर धाम के आचार्य धीरेंद्र शास्त्री सनातन धर्म का ही प्रचार कर रहे हैं लेकिन कुछ लोग उन्हें अंध विश्वासी बताकर बदनाम कर रहे हैं। उन्होंने हिंदू समाज से इसके खिलाफ एकजुट होने का आह्वान किया।
इसके बाद बागेश्वर बालाजी महाराज के चित्र को वाहन में सजाकर बाजे गाजे के साथ लोगों ने भव्य ध्वज यात्रा निकाली। इस दौरान आचार्य शास्त्री के जयकारे लगाए गए और पूरा क्षेत्र भगवामय हो गया। यात्रा का नगर वासियों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। यात्रा नगर की विभिन्न गलियों से होती हुई बालाजी मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। अंत में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम संयोजक हिमांशु सरकार ने सभी का आभार व्यक्त किया। यात्रा में नगर पंचायत अध्यक्ष सीमा सरकार, विजय मंडल, अनादि मंडल, राजकुमार शाह, रोहित मंडल, सुधांशु सरकार, सुधीर राय, कैलाश शर्मा, राजेंद्र मेहरा, सुकुमार सरकार, प्रोजीत मंडल, सुनीता मिस्त्री, सुधीर राय, सत्यजीत विश्वास आदि मौजूद रहे।