काशीपुर। दीपावली पर इस बार घर और प्रतिष्ठान दिल्ली, कोलकाता और बरेली के फूलों से महकेंगे। फूल कारोबारियों ने सजावट की बुकिंग शुरू कर दी है। दीपावली पर प्रतिष्ठानों की फूलों से सजावट कराने का बहुत अधिक क्रेज है। प्रतिष्ठान स्वामी धनतेरस से फूलों की सजावट कराना शुरू कर देते हैं। इसके लिए फूलों के कारोबारियों ने अभी से बुकिंग भी शुरू कर दी है। वहीं फूल कारोबारियों ने बताया कि फूलों को दीपावली से चार-पांच दिन पहले मंगा कर बर्फ लगाकर स्टाक करना शुरू कर देते हैं। कटोराताल रोड स्थित फूल व्यापारी राजेश कुमार व गंगे बाबा रोड स्थित फूल विक्रेता विकास पुष्कर ने बताया कि दीपावली पर गेंदा, गुलाब, जरबेरा और ऑर्किड की सबसे ज्यादा मांग रहती है। दिल्ली से गुलाब और जरबेरा, कोलकाता से विशेष गेंदा और बरेली से देसी फूल मंगाए जा रहे हैं जबकि दीपावली पर विशेष रूप से पूजन के लिए कमल के फूल कोलकाता से मंगाया जाता है। धनतेरस से दीपावली तक शादी और दुकानों की सजावट के लिए अभी से बुकिंग हो चुकी हैं। पिछले साल की तुलना में फूलों के दाम 15 से 20 प्रतिशत बढ़ने की उम्मीद हैं फिर भी लोगों में उत्साह है। एक घर या प्रतिष्ठान की सजावट का खर्च 2500 से शुरू हो जाता है। ग्राहकों की मनपसंद फूल से सजावट करी जाती है। इसमें अशोक के पत्तों की लड़ी और फूलों की गुलदस्तों की भी काफी मांग रहती है।