काशीपुर। रंगों का त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सोमवार की देर रात शहर और ग्रामीण क्षेत्र के गली-मोहल्लों में सजे पंडाल में धार्मिक अनुष्ठान के साथ होलिका दहन किया गया। इससे पहले महिलाओं ने पूजा-अर्चना घर-परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। वहीं पुरुषों ने होलिका दहन के दौरान गन्ने व गेहूं की बालियों का आग में भून कर परिक्रमा की। इसके बाद एक-दूसरो के अबीर-गुलाल लगाकर होली की बधाई दी। देर रात तक होलिका दहन पंडालों में डीजे पर बज रहे होली गीतों पर युवा और बच्चे जमकर थिरके। उधर पुलिस-प्रशासन ने सभी संवेदनशील स्थानों व क्षेत्र में गश्त कर हुड़दंगियों पर कड़ी नजर रखी। कहीं से कोई अप्रिय घटना की कोई सूचना नहीं मिली।