रुद्रपुर। पिछले वर्ष जिला अस्पताल में कई जांचों की सुविधा वाली हेल्थ एटीएम मशीन की स्थापना की गई थी। स्थापना के बाद से मशीन खराब पड़ी है। इससे अस्पताल में मरीजों को त्वरित जांच की सुविधा में परेशानी हो रही है। हाल यह है कि हेल्थ एटीएम मशीन के कक्ष में सवा साल से ताला लटका हुआ है।
हेल्थ एटीएम मशीन में डायबिटीज, ब्लड प्रेशर, मलेरिया, टाइफाइड, पीलिया, हीमोग्लोबिन और कोलेस्ट्रॉल समेत 50 से अधिक जांचों की सुविधा होती है। हेल्थ एटीएम में स्क्रीनिंग के तौर पर टेस्ट होते हैं। ऊंचाई, वजन, मेटाबोलिक इंडेक्स, ब्लड प्रेशर, ईसीजी आदि की सुविधा के साथ ही शरीर का तापमान और पल्स रेट मापने की सुविधा भी होती है।
जांच कराने के कुछ ही सेकंड में रिपोर्ट मिल जाती है। मशीन के जरिये डॉक्टर वीडियो कॉल के दौरान मरीज के पिछले स्वास्थ्य रिकॉर्ड की जांच कर सकते हैं। जिला अस्पताल में पिछले वर्ष जुलाई में हेल्थ एटीएम मशीन लगाई गई थी। इसके लिए अस्पताल भवन के भूतल पर कक्ष आवंटित किया गया लेकिन कुछ दिनों बाद ही मशीन ने काम करना बंद कर दिया।
हेल्थ एटीएम मशीन का साफ्टवेयर करप्ट हो चुका है। साफ्टवेयर अपडेट कराया जाएगा। मशीन की खराबी जल्द से जल्द ठीक कराने के लिए गंभीरता से प्रयास किया जाएगा। -डॉ. केके अग्रवाल, प्रमुख चिकित्साधीक्षक, जिला अस्पताल