काशीपुर। नेशनल जिम कार्बेट पार्क व अन्य पर्यटन क्षेत्रों को जोड़नें वाला रामनगर मार्ग अतिक्रमण की चपेट में है। इस मार्ग पर दुकानदारों ने सड़क किनारे तक दुकान का सामान सजा रखा है जिसके चलते दिन में कई बार जाम की स्थिति बनती है। वहीं प्रशासन अतिक्रमणकारियों को नोटिस देने तक सीमित नजर आ रहा है।
रामनगर रोड पर एनएच व स्थानीय प्रशासन की अनदेखी से अतिक्रमणकारियों के हौसले बुलंद हैं। इस मार्ग पर दर्जनों दुकानदारों ने अपनी दुकानों का सामान सड़क किनारे सजा कर रख रखा है। वहीं हाथ ठेली वाले भी इस मार्ग पर जहां-तहां खड़े रहते हैं जिसके चलते इस मार्ग पर कई बार जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। जबकि यह मार्ग नेशनल जिम कार्बेट पार्क के अलावा अन्य पर्यटन क्षेत्रों को जोड़ता है।
इस मार्ग से देश के विभिन्न कोनों से पर्यटक अपने-अपने वाहनों से होकर गुजरते हैं। कई बार पर्यटकों के वाहन जाम में काफी देर-देर तक फंसे रहते हैं। वहीं स्थानीय प्रशासन मात्र अतिक्रमणकारियों को नोटिस देकर शांत बैठ जाता है। कई बार तो अतिक्रमण हटाने के नाम पर हाथ ठेली वालों को हटा दिया जाता है, लेकिन दुकानदारों की ओर अनदेखी की जाती है।
उधर एनएच के एई मनोज भट्ट ने बताया लगभग दस दिन पहले विभाग की ओर से रामनगर रोड पर लगभग पचास दुकानदारों को नोटिस भेजे गए हैं। बहुत जल्दी स्थानीय प्रशासन की मदद से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस दौरान राजस्व अभिलेखों के अनुसार जमीन का सत्यापन कर उसको अतिक्रमण मुक्त कराने की योजना है।