रुद्रपुर। सिडकुल क्षेत्र में नाले में दो गोवंशीय पशुओं के सिर मिलने से आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दी। गो रक्षा दल सहित सैकड़ों लोगों ने पुलिस और सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने वालों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सिर नहीं उठाने दिए। बाद में सख्त कार्रवाई के आश्वासन के बाद लोगों ने पुलिस को सिर उठाने दिए। पुलिस ने दोनों सिर सील कर पोस्टमार्टम के लिए भेजे। पुलिस अधिकारियों ने मामले की जांच के आदेश दिए।
मंगलवार शाम को पुलिस को सूचना मिली कि सिडकुल सेक्टर-दो में बह रहे नाले में सड़क के दोनों ओर दो गोवंशीय पशुओं के सिर पड़े हैं। मौके पर पहुंचे गो रक्षा दल के सदस्य सहित अन्य लोगों ने नारेबाजी शुरू कर दी। पुलिस के पहुंचते ही सभी लोगों ने विरोध करते हुए आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग की। लोगों ने सड़क जाम कर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाएं और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई करते हुए फांसी देने की मांग की।
एसपी क्राइम चंद्रशेखर आर घोड़के, पंतनगर पुलिस, कोतवाली, एलआईयू की टीम भी मौके पर पहुंची। उन्होंने आक्रोशित लोगों को समझाने और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद लोग शांत हुए। इसके बाद पुलिस ने पशुओं के सिर सील कर पोस्टमार्टम के लिए भेजे। एसपी क्राइम ने बताया कि आरोपियों की तलाश के लिए टीम लगा दी है। आरोपियों को गिरफ्तार उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान वहां गोरक्षा दल के जिलाध्यक्ष विराट आर्य, राधेश शर्मा, हरदेव सिंह, महेंद्र पाल, विजय बाजपेई, कुलदीप खुराना, सुनील सनातनी, राधे सनातनी आदि थे।
ज्ञापन देने के बावजूद कार्यवाही नहीं करती पुलिस: गो रक्षा दल
रुद्रपुर। हंगामे के दौरान गो रक्षा दल के लोगों ने पुलिस पर आरोपियों के खिलाफ लचीली कार्रवाई का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इससे पहले जिले में कई बार इस तरह की वारदात हो चुकी हैं लेकिन पुलिस आरोपियों को सही सबक नहीं सिखा पा रही है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग शहर का माहौल बिगाड़ने का प्रयास कर रहे हैं। कहा कि वह अक्सर पुलिस को गो तस्करी को लेकर ज्ञापन देते रहते हैं लेकिन पुलिस उन्हें ठंडे बस्ते में डाल देती है। पिछले दिनों उन्होंने किच्छा में गो तस्करी होने का ज्ञापन पुलिस को सौंपा लेकिन पुलिस ने उस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस बार पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई नहीं की तो वह फिर से सड़क जाम करेंगे। दल ने आरोपियों पर देशद्रोह की कार्रवाई की मांग की।
तीसरा सिर मिलने पर दोबारा बिगड़ा माहौल
रुद्रपुर। नाले में गोवंशीय कटे दो सिर मिलने पर लोगों ने प्रदर्शन किया। हालांकि पुलिस के आश्वासन के बाद लोग माने और पुलिस ने सिरों को सील करने की कार्यवाही की। तब तक उधर नाले के बीच में सड़क के नीचे तीसरा सिर मिलने से लोग फिर भड़क गए और सड़कों पर लेट गए। हालांकि कुछ लोगों ने नीचे जा कर देखा तो वह सुअर का कटा सिर था। उधर मौके पर एसओजी भी पहुंच गई। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी खंगालने शुरू किए।
कुछ समय पहले ही सिर काटने की आशंका
रुद्रपुर। नाले में पड़े कटे सिर को देखने के बाद आशंका जताई गई कि वह कुछ घंटों पहले काटे गए हैं। लोगों का कहना है कि सिर मशीन से काटे गए हैं। हालांकि पुलिस ने इस मामले में कोई टिप्पणी नहीं की। पुलिस ने घटना की जांच में जुट गई है।
विधायक बोले दोषियों के विरुद्ध हो सख्त कार्रवाई
रुद्रपुर। दो गोवंशीय पशुओं के सिर मिलने पर विधायक शिव अरोरा ने रोष जताया। उन्होंने पुलिस प्रशासन से वार्ता कर कहा कि दोषियों को जल्द चिन्हित कर कठोर सजा दी जाए। विधायक ने कहा कि ऐसे जघन्य अपराध करने वाले माहौल खराब करना चाहते हैं और यह समाज के कभी हितैषी नहीं हो सकते।