रुद्रपुर। किसानों की आय बढ़ाने के लिए राष्ट्रीय पशुधन मिशन के तहत बकरी, भेड़, सुअर व मुर्गी के ब्रीड फार्म खोलने के लिए होने वाले कुल खर्च की 50 प्रतिशत सब्सिडी दी जाएगी। पशुपालकों को एक करोड़ रुपये तक के ऋण पर 50 लाख रुपये तक की सब्सिडी दी जा रही है। जिले में अब तक 20 लोगों ने इसके लिए ऑनलाइन आवेदन किया है।
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. एसबी पांडेय ने बताया कि राष्ट्रीय पशुधन मिशन के तहत यदि कोई बकरी का ब्रीड फार्म खोलने के लिए आवेदन करता है तो उसके पास 500 बकरियां और 25 बकरे होने चाहिए। इसके अलावा चारे के लिए करीब पांच एकड़ भूमि व ब्रीड फार्म के लिए लगभग एक एकड़ भूमि होनी चाहिए। इसके लिए भूमि को लीज पर भी लिया जा सकता है। इसी तरह पोल्ट्री फार्म खोलने के लिए एक हजार मुर्गियां होनी चाहिए। इस योजना का लाभ लेने के लिए एनएलएमडॉटउद्यमीमित्रडॉटइन पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के लिए सभी दस्तावेज पूरे होने के साथ ही तय मानकों का पूर्ण होना अनिवार्य है।
डेयरी प्रसंस्करण खोलने का भी अवसर
रुद्रपुर। पशुपालन एवं डेयरी आधारित गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए पशुपालन अवसंरचना विकास कोष की स्थापना की गई है। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. एसबी पांडेय ने बताया कि इस कोष से डेयरी प्रसंस्करण, मांस प्रसंस्करण, पशु आहार विनिर्माण इकाइयां, नस्ल सुधार प्रौद्योगिकी एवं नस्ल वृद्धि प्रक्षेत्र, पशु चिकित्सा वैक्सीन, औषधि उत्पादन सुविधाओं की स्थापना और पशु अपशिष्ट से संपति प्रबंधन खोलने की सुविधा दी जा रही है। इसका लाभ लेने के लिए एएचआईडीएफडॉटउद्यमीमित्रडॉटइन पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। संवाद