रुद्रपुर। हवाई टिकट उपलब्ध कराने के नाम पर दिल्ली के टिकट कारोबारी ने रुद्रपुर के टिकट केंद्र संचालक के साथ तीन लाख रुपये की धोखाधड़ी कर दी। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर दिल्ली के टिकट कारोबारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
आवास विकास निवासी रिंकल धवन ने कोर्ट को सौंपे शिकायती पत्र में बताया कि वे लोगों को हवाई टिकट व रेल टिकट उपलब्ध कराने का काम करते हैं। रिंकल का कहना है कि वर्ष 2020 में दिल्ली जाते समय ट्रेन में उनकी मुलाकात रानीबाग दिल्ली निवासी अनूप गुप्ता से हुई थी। बातचीत के दौरान अनूप ने बताया था कि वह हवाई टिकट व रेल टिकट का बड़ा कारोबारी है। हवाई यात्रा कराने वाली कंपनियों के कई अधिकारियों से उसकी अच्छी जान-पहचान है।
अनूप की बातों में आकर रिंकल ने उसको विदेश व देश के अंदर के कई हवाई टिकट बुक कराने के लिए करीब 12,17,000 रुपये दे दिए। रिंकल का कहना है कि अनूप ने करीब नौ लाख के टिकट बुक करा दिए। इसके अलावा तीन लाख रुपये के उसने फर्जी टिकट बुक कराए हैं। यह रुपये रिंकल को अपनी जेब से ग्राहकों को लौटाने पड़े। वहीं अनूप तीन लाख रुपये वापस नहीं कर रहा है। आरोप है कि रुपये मांगने पर अनूप उनसे गालीगलौज कर जान से मारने की धमकी दे रहा है। ट्रांजिट कैंप थाना पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।