रुद्रपुर पुलिस कार्यालय में एसएसपी को ज्ञापन सौंपते कांग्रेसी।
- फोटो : RUDRAPUR
रुद्रपुर। सितारगंज कोतवाली में पिछले दिनों कांग्रेस के पूर्व प्रत्याशी के खिलाफ दर्ज हुई रिपोर्ट को कांग्रेसियों ने झूठा ठहराते हुए उसे निरस्त कराने की मांग की है। कांग्रेसियों ने इस संबंध में एसएसपी को ज्ञापन भी सौंपा। एसएसपी ने मामले की निष्पक्ष जांच करने की बात कही है।
सितारगंज निवासी सचिन अरोरा ने पिछले दिनों विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी नवतेज पाल सिंह सहित कई जनप्रतिनिधियों के खिलाफ जालसाजी व गबन के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस मामले को कांग्रेसियों ने पूरी तरह से फर्जी बताया है। कांग्रेसियों ने बुधवार को पुलिस कार्यालय पहुंचकर एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी से बातचीत की और रिपोर्ट निरस्त कराने की मांग की।
कांग्रेसियों का कहना है कि नवतेज ने किसी प्रकार की कोई जालसाजी नहीं की है और न ही उनका मामले में कोई हस्तक्षेप है। एसएसपी का कहना है कि मामले की विवेचना एसआर पत्रावली के अंतर्गत की जाएगी। मामले का पर्यवेक्षण एसपी सिटी मनोज कत्याल के जरिये किया जाएगा। वहां कांग्रेस के जिलाध्यक्ष हिमांशु गाबा, प्रदेश प्रवक्ता सौरभ चिलाना, पवन वर्मा, पुरुषोत्तम अरोरा, संदीप चीमा, नंदकिशोर गंगवार, हरेंद्र पाल सिंह आदि थे।