गदरपुर। पुलिस ने फर्जी मृत्यु प्रमाणपत्र बनाकर करोड़ों की जमीन हड़पने के मामले में जांच के बाद एक ही परिवार के चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू कर दी है।
दिनेशपुर के समाजसेवी डॉ.कुलवंत सिंह विर्क ने बताया कि वर्ष 1981 में उन्होंने जागेश चंद से बुक्सौरा जाफरपुर मार्ग पर सवा दो एकड़ जमीन खरीदी थी। जमीन की रजिस्ट्री भी कराई गई थी। आरोप है कि जोगेश चंद के पुत्र जगो बाला निवासी आनंदखेड़ा, दो भाई मिथुन, नितिन और उनकी मां सुचित्रा बाला ने पीलीभीत से 40 साल बाद स्व. जोगेश चंद का मृत्यु प्रमाणपत्र बनाकर गदरपुर तहसील में प्रस्तुत कर जमीन खरीद को गलत बताया।
जांच में मृत्यु प्रमाणपत्र फर्जी पाया गया। इस पर उन्होंने 12 जनवरी को गदरपुर थाने में चारों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की थी और हाईकोर्ट में प्रार्थना पत्र दिया था। हाईकोर्ट ने भी मामले में कार्यवाही के निर्देश दिया है। थाना प्रभारी राजेश पांडेय ने बताया कि मामले की विवेचना एसआई ओमप्रकाश को सौंपी गई है।
इंसेट: प्रमाण पत्र फर्जी निकलने पर ली राहत की सांस
गदरपुर। जमीन खरीद के मामले में आरोपितों ने डॉ कुलवंत सिंह सहित 120 लोगों के खिलाफ वाद दायर कर मृत्यु प्रमाणपत्र के आधार पर जमीन खरीद को गलत दर्शाया था 7सभी आज तक मामले में कोर्ट कचहरी के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन मृत्यु प्रमाणपत्र फर्जी निकलने के बााद सभी ने राहत की सांस ली है। कुलवंत का आरोप है कि पूरे मामले के पीछे किसी सफेदपोश नेता का हाथ है। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। संवाद