रुद्रपुर। काशीपुर रोड पर स्थित सामिया लेक सिटी के प्रबंधक और मालिक पर प्लाॅट देने के नाम पर 48.10 लाख रुपये की ठगी का आरोप है। एक ही परिवार के चार लोगों ने आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग केस दर्ज कराएं है। बताया जा रहा है कि एसओजी ने एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है लेकिन पुलिस अधिकारी इसकी पुष्टि नहीं कर रहे हैं।
लालकुआं जिला नैनीताल निवासी शहजाद खान ने तहरीर में बताया कि वर्ष 2012 में उन्होंने सामिया लेक सिटी का प्रचार देखा था। इसके बाद उन्होंने भी वहां प्लॉट लेने का आवेदन किया। इस दौरान उन्होंने सोसाइटी के मालिक वसुंधरा इंक्लेव दिल्ली निवासी जमील ए खान और प्रबंधक गाजियाबाद निवासी सगीर खान से संपर्क किया। बातचीत के बाद उन्होंने चेक के माध्यम से उनके पास 2,75,000 रुपये जमा किए। हालांकि बाद में कुल मिला कर उन्होंने 16,10,000 रुपये जमा किए। लेकिन तब से अभी तक उन्हें प्लॉट नहीं मिला।
वहीं सोसाइटी के मालिक उन्हें अब तक गुमराह कर रहे हैं। जबकि सोसाइटी में कोई प्लॉट है ही नहीं। वहीं शहजाद की पत्नी फिरदौस खान ने भी एक उस सोसाइटी में एक प्लॉट लेने के लिए संपर्क किया और मालिक, प्रबंधक के पास 16,10,000 रुपये भी जमा किए। लेकिन अब तक उन्हें वहां कोई प्लॉट नहीं मिला। इसके अलावा शहजाद की बेटी डॉ. फरहीन खान ने बताया कि उसने सोसाइटी में एक प्लॉट लेने के लिए मालिक और प्रबंधक के पास 8,05,000 रुपये जमा किए। रजिस्ट्री होने के बाद वहां उन्हें कोई प्लॉट नहीं मिला। शहजाद के बेटे फरदीन खान ने बताया कि उसने सोसाइटी में प्लॉट लेने के लिए 8,05,000 रुपये जमा किए। लेकिन रजिस्ट्री और दाखिल खारिज हो जाने के बाद भी उसे अब तक वहां कोई प्लॉट नहीं मिला। पिछले करीब 10 सालों से सोसाइटी का प्रबंधन उन सभी लोगों को गुमराह कर रहा है। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने बताया कि पीड़ितों की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ चार केस दर्ज कर लिए गए हैं। उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।