काशीपुर। यहां तीन लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। तीनो बाहर से आए हैं। इनमें दो दिल्ली और एक देहरादून से लौटा है। तीनों युवक आईआईएम के क्वारंटाइन सेंटर में थे। उन्हें रुद्रपुर कोविड सेंटर रैफर किया गया है।
नोडल स्वास्थ्य अधिकारी डॉ अमरजीत साहनी ने बताया कि आईटीआई थाना क्षेत्र के रहने वाला 27 वर्षीय युवक देहरादून में अपनी बहन के साथ पढ़ाई करता है। बीती 10 जून को वह अपनी बहन के साथ देहरादून से ट्रेन के जरिए काठगोदाम आया था। वहां से उसे रुद्रपुर लाया गया। दोनों भाई बहन चेकअप कराने के बाद टाटा मैजिक से काशीपुर के सरकारी हॉस्पिटल आए। पुनः चेकअप कराने के बाद दोनों को आईआईएम में बने क्वारंटीन सेंटर में भेजा गया।
दूसरा पॉजिटिव युवक दिल्ली में रहकर जनरल स्टोर में काम करता है। 11 जून को वह दिल्ली से स्कूटी से सीधे काशीपुर के राजकीय चिकित्सालय पहुंचा। जहां से उसे सीधे क्वारंटीन सेंटर भेज दिया गया। तीसरा युवक 11 जून को दिल्ली से आया, वह दिल्ली में बाइक मैकेनिक का कार्य करता है। काशीपुर-ठाकुरद्वारा के सूर्या पुलिस चौकी स्थित बॉर्डर तक ऑटो से आया था। चेकअप के बाद उसे काशीपुर के राजकीय चिकित्सालय भेजा गया। सैंपल लेकर उसे क्वारंटीन सेंटर भेज दिया गया था। सोमवार देर रात तीनों युवकों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उन्हें रुद्रपुर स्थित कोविड केयर सेंटर भेजा गया है।