रिपोर्ट दर्ज कराने जा रहे युवक को घेरकर पीटने का आरोप
रुद्रपुर। पुलिस चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराने जा रहे एक युवक से कुछ लोगों ने मारपीट कर दी। पुलिस ने मामले में पूर्व विधायक के प्रतिनिधि सहित दो पर केस दर्ज किया है।
रंपुरा निवासी शिवम चंद्रा ने तहरीर में बताया कि 31 अगस्त की रात वह घर जा रहा था। पीछे से एक अन्य वाहन चालक प्रमोद हॉर्न बजाते हुए अपने साथी बंटी कोली के साथ आ रहा था। जब उसने प्रमोद से हॉर्न बजाने से मना किया तो दोनों ने उसकी पिटाई कर दी। प्राथमिक इलाज के बाद जब वह रंपुरा चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराने जा रहा था, तब भी इन सभी ने उसे जमकर पीटा। आरोप है कि प्रमोद संदिग्ध कार्यों में लिप्त रहता है जबकि बंटी अपने को पूर्व विधायक का प्रतिनिधि बताता है।