काशीपुर में दीपावली पर्व के नजदीक आते ही जंगलों में शिकारियों की सक्रियता को देखते हुए यूपी सीमा से सटे वन क्षेत्रों में अलर्ट जारी कर दिया गया है। वन विभाग ने दीपावली तक सभी वनकर्मियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं और गश्त बढ़ा दी है।
एसडीओ जसपुर संदीप गिरी ने बताया कि दीपावली के दौरान उल्लू सहित कई वन्यजीवों के शिकार की आशंका बढ़ जाती है। तंत्र-मंत्र और अंधविश्वास के चलते उल्लू की मांग बढ़ने से शिकारी सक्रिय हो जाते हैं। इसी को देखते हुए यूपी-उत्तराखंड सीमा से लगे जंगल क्षेत्रों, खासकर तराई के जंगलों में चौकसी बढ़ा दी गई है। वन विभाग ने टीमों को नाकों पर तैनात कर दिया है। संदिग्ध लोगों और वाहनों की चेकिंग की जा रही है। रात में भी गश्त तेज कर दी गई है।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार शिकारियों की घुसपैठ रोकने के लिए खुफिया तंत्र को भी सक्रिय किया गया है। ग्रामीणों से भी अपील की गई है कि यदि जंगल में कोई संदिग्ध गतिविधि दिखे तो तुरंत वन विभाग को सूचना दें। वन कर्मियों को निर्देश दिए गए हैं कि दीपावली तक कोई भी कर्मचारी मुख्यालय नहीं छोड़ेगा और अपने-अपने क्षेत्र में लगातार निगरानी बनाए रखेगा। उल्लू समेत अन्य संरक्षित वन्य जीवों के शिकार पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए विभाग ने विशेष अभियान चलाने की तैयारी की है।