बाजपुर के बरहैनी रेंज में पकड़ी गई खैर की लकड़ी साथ टीम।
- फोटो : BAZPUR
बाजपुर। जंगलात और पुलिस टीम ने संयुक्त रूप से छापामार कर खैर के 14 गिल्टे बरामद किए। आरोपी तस्कर फरार हो गया।
बृहस्पतिवार को मुखबिर की सूचना पर बरहैनी रेंजर रूपनारायण गौतम और बन्नाखेड़ा पुलिस चौकी इंचार्ज अनिल जोशी ने संयुक्त टीम के साथ छापा मारकर गांव भीकमपुरी में एक घर के अंदर छिपाकर रखे खैर के 14 गिल्टे बरामद किए। पुलिस और जंगलात टीम को देखते आरोपी तस्कर फरार हो गया। रेंजर ने बताया कि आरोपी तस्कर सुखदेव सिंह उर्फ काले निवासी गांव भीकमपुरी के खिलाफ वन अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया। आरोपी की तलाश में कई स्थानों पर दबिश दी गई लेकिन आरोपी नहीं मिला। टीम में एसके चौहान, हरीश सिंह कैड़ा, दीपक नेगी, राजेंद्र प्रसाद आर्य आदि थे। बरहैनी रेंजर रूपनारायण गौतम ने बताया कि जनवरी 19 से दिसंबर 20 तक बरहैनी रेंज के अंतर्गत 71 वाहनों को पकड़ कर सीज किया गया है। जबकि 42 घनमीटर खैर की लकड़ी बरामद की है। 27 आरोपी तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। तस्करों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।