बाजपुर। एक पखवाड़े पहले छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष प्रवीण कांबोज पर हुए हमले मामले की शनिवार को फोरेंसिक टीम ने जांच पड़ताल की। शहर के बेरिया दौलत रोड स्थित पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष प्रवीण कांबोज की पत्नी का बुटीक है। बीते 12 जून को कार सवार कुछ युवकों ने बुटीक में घुसकर पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष प्रवीण कांबोज पर हमला कर दिया था। बुटीक में तोड़फोड़ की। आरोपी पर्स लेकर कार में सवार होकर धमकी देकर फरार हो गए थे। जिसमें प्रवीण कांबोज को चोट आई थी। कांबोज ने कोतवाली में तहरीर देकर संपत्ति विवाद में उसकी बहन, बहनोई और माता पर हमला कराने का आरोप लगाया था। हमलावरों को पंजाब से बुलाया गया था। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर पंजाब निवासी चार हमलावरों को गिरफ्तार कर चुकी है। शनिवार को फोरेंसिक प्रभारी सत्यप्रकाश रायपा टीम के साथ कोतवाली पहुंचे। स्थानीय पुलिस के साथ टीम ने घटना स्थल बुटीक और आसपास में कई स्थानों पर गहनता से जांच की। कोतवाली के एसआई प्रहलाद सिंह ने बताया कि फोरेंसिक टीम दो घंटे चली जांच के बाद लौट गई।