काशीपुर। कई साल से जलभराव का दंश झेल रहे कॉलोनीवासियों के सब्र का बांध शनिवार को टूट गया। उन्होंने कॉलोनी में बैनर लगाकर आगामी चुनावों के बहिष्कार की चेतावनी दी है।
ओम विहार कॉलोनीवासियों ने जलभराव के बीच खड़े होकर जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि करीब दस साल से कॉलोनी में करीब 40 परिवार रहते हैं। चुनावों में जनप्रतिनिधि सड़क निर्माण की बात कर वोट ले लेते हैं लेकिन जीतने के बाद झांकने तक नहीं आते हैं। इसके लिए कई बार जनप्रतिनिधियों से सड़क बनाने की मांग कर चुके हैं, केवल कोरा आश्वासन मिला। बहला नदी के उफान से डेढ़ महीने से जलभराव की समस्या से जूझ रहे हैं। क्षेत्र के जनप्रतिनिधि भी चुनाव जीतने के बाद कॉलोनी में नहीं आए हैं। कच्ची सड़क पर पानी चलने के कारण करीब एक महीने से बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे हैं। घरों में सांप, बिच्छु जैसे जहरीले कीड़े घुस रहे हैं।
वहां स्थित सीईसी स्कूल की प्रधानाचार्य नीरजा सिंह ने बताया कि चार दिनों से स्कूल परिसर तलैया बना है। इस कारण वहां कक्षाओं का संचालन नहीं हो सका है। महिलाओं ने कॉलोनी की पक्की सड़क बनाने की मांग की है। ऐसा न करने पर आगामी चुनाव नगर निगम और लोकसभा चुनाव के बहिष्कार की चेतावनी दी है। इसके लिए उन्होंने कॉलोनी में बैनर लगा दिया है। सड़क निर्माण के लिए उन्होंने आंदोलन की भी चेतावनी दी है। वहां पिंकी सेमवाल, सरोज चौहान, नीमा, यशोदा, पूनम, शांति, माया, ममता, रामेश्वर आर्य आदि रहे।
दस दिन बाद भी प्रशासन ने प्रभावितों की नहीं ली सुध
काशीपुर। शिकायत के दस दिन बाद भी राधेहरि पुरम कॉलोनी से जलनिकासी नहीं हो सकी है। इस कारण कॉलोनीवासी गहरे पानी में डूबे रास्तों पर चलने के लिए मजबूर हैं। उन्होंने बंद नाला खुलवाकर पानी की निकासी शीघ्र कराने की मांग की है।
राधेहरि पुरम कॉलोनी वासी राजू सिंह, मनोज सिंह, प्रेम पाल सिंह, दिव्यांश ने तीस जुलाई को एसडीएम को शिकायती पत्र दिया था। उन्होंने बताया था कि उनकी कॉलोनी कचनाल गुसाई वार्ड नंबर पांच से सटी है। नाला बंद होने के कारण जल निकासी नहीं हो पा रही है। इस कारण बारिश के कारण उनकी कॉलोनी जलमग्न हो गई है। कॉलोनी में दो-तीन फीट पानी जमा होने से बच्चों को स्कूल जाने में परेशानी हो रही है। दस दिन बाद भी समस्या नहीं सुलझ सकी है। उन्होंने प्रशासन से जलनिकासी कराने की मांग की है। वहीं तहसीलदार युसूफ अली ने कहा कि कई स्थानों पर नालियां बंद होने की शिकायत मिली है। वहां अतिक्रमण हटाकर चोक नालियों को खुलवाया जाएगा।
जलभराव से निजात दिलाने की मांग
काशीपुर। मदर कॉलोनी महेशपुरावासियों ने एसडीएम कार्यालय और नगर निगम में शिकायती पत्र दिया। बताया कि आबादी के बीच खाली प्लॉट में बारिश का पानी भर रहा है। कुछ घरों में दरारें आ चुकी हैं। कुछ खाली भूखंडों में कूड़ा डालने से संक्रामक बीमारी फैलने का खतरा बना है। इरफान, जुनेद, जावेद, जफर, शमीम आदि लोगों ने समस्या सुलझाने की मांग की है।